scorecardresearch
Saturday, 26 September, 2026
होमदेशकेरलम: वन विभाग ने रिहायशी इलाके में आये हाथी को पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया

केरलम: वन विभाग ने रिहायशी इलाके में आये हाथी को पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया

Text Size:

कन्नूर (केरलम), 26 सितंबर (भाषा) केरलम के वन विभाग ने अरालम फार्म में बार-बार मानव बस्तियों में घुसकर खतरा पैदा करने वाले जंगली हाथी को पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, अभियान के तहत दो प्रशिक्षित कुमकी हाथियों (विक्रम और भरत) को शुक्रवार रात अरालम फार्म लाया गया। वहीं, एक अन्य कुमकी हाथी उन्नीकृष्णन को वायनाड से लाए जाने की उम्मीद है।

कन्नूर स्थित संभागीय वन कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि दांत रहित नर हाथी कन्नूर मखना-1 (केएम-1) मानव बस्तियों के आसपास घूमता रहा है और क्षेत्र में लोगों पर हमले की घटनाओं में शामिल रहा है, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है।

अधिकारियों के मुताबिक, केएम-1 लंबे समय से अरालम के निवासियों के लिए चिंता का कारण बना हुआ है। वह अक्सर आवासीय क्षेत्रों में घुसकर फसलों और झोपड़ियों/शेड को नुकसान पहुंचाता है।

स्थानीय निवासियों के विरोध के बाद वन विभाग ने हाथी को पकड़कर अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने के लिए ‘ऑपरेशन मखना’ शुरू करने का फैसला किया।

अधिकारियों ने बताया कि दोनों कुमकी हाथियों को फिलहाल चेंगन्निपुझा नदी के पास तैनात किया गया है। वन विभाग के सामने अब केएम-1 का पता लगाना सबसे बड़ी चुनौती है। उसका आखिरी पता जंगल के अंदर चला था, जहां वह मानव बस्तियों से दूर था।

अधिकारियों के अनुसार, हाथी को पकड़ने के अभियान में सहायता के लिए और वनकर्मियों के अरालम पहुंचने की उम्मीद है। हाथी को बेहोश करने में विशेषज्ञता रखने वाले तीन पशु चिकित्सक भी अभियान में शामिल किए गए हैं।

विभाग को उम्मीद है कि हाथी को बेहोश कर पकड़ने की कार्रवाई सोमवार या मंगलवार तक शुरू हो सकती है।

भाषा संतोष रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments