scorecardresearch
Saturday, 10 October, 2026
होमदेशकेरलम के मुख्यमंत्री ने दिल्ली में पिनराई विजयन को हिरासत में लिए जाने की निंदा की

केरलम के मुख्यमंत्री ने दिल्ली में पिनराई विजयन को हिरासत में लिए जाने की निंदा की

Text Size:

तिरुवनंतपुरम, 10 अक्टूबर (भाषा) केरलम के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने शनिवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस द्वारा माकपा नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष पिनराई विजयन को हिरासत में लिए जाने की निंदा की।

विजयन और केरलम के मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के अन्य वरिष्ठ नेताओं को नयी दिल्ली में केरल हाउस के पास उस समय हिरासत में ले लिया गया, जब वे ज्ञानेश कुमार और एसआईआर की प्रक्रिया के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले थे।

सतीशन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वह विजयन को दिल्ली पुलिस द्वारा मनमाने ढंग से हिरासत में लिए जाने से बेहद चिंतित हैं और इसकी कड़ी निंदा करते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘विजयन को फिलहाल मंदिर मार्ग पुलिस थाने में रखा गया है। मेरे निर्देश पर केरलम के मुख्य सचिव और नयी दिल्ली में स्थानीय आयुक्त उनकी तत्काल रिहाई के लिए जरूरी कदम उठाने के वास्ते दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के सीधे संपर्क में हैं।’’

विजयन ने भी पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए शाम को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट किया।

उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली में मोदी सरकार द्वारा लोकतंत्र पर निर्मम कार्रवाई की जा रही है। प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया जा रहा है और आंदोलन की खबरें कवर कर रहे पत्रकारों को भी पकड़ा जा रहा है, जबकि सरकार चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता से जुड़े सवालों से बच रही है।’’

विजयन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की दमनकारी कार्रवाई के जरिए चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता से जुड़े सवालों और जवाबदेही की मांग करने वालों की आवाज को दबाकर इन सवालों से बच नहीं सकती।

उन्होंने कहा, ‘‘कोई भी दमन हमें संविधान और मतदान के अधिकार की रक्षा के अपने संकल्प से डिगा नहीं सकता।’’

भाषा आशीष नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments