scorecardresearch
Wednesday, 2 September, 2026
होमदेशकश्मीर : शर्मा ने उमर को इस्तीफा देकर राज्य का दर्जा बहाली मुद्दे पर नया जनादेश लेने की चुनौती दी

कश्मीर : शर्मा ने उमर को इस्तीफा देकर राज्य का दर्जा बहाली मुद्दे पर नया जनादेश लेने की चुनौती दी

Text Size:

श्रीनगर, दो सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया, वहीं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को चुनौती दी कि वह गांदरबल सीट से इस्तीफा देकर जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने के मुद्दे पर नया जनादेश हासिल करें।

भाजपा नेताओं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर लाल चौक स्थित घंटाघर के पास एकत्र होकर नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

शर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता लाल चौक से सिविल सचिवालय की ओर मार्च करेंगे।

पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोग परेशानियों का सामना कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘आज आम और गरीब लोगों के लिए गुजारा करना मुश्किल हो गया है। पूरे जम्मू-कश्मीर में पानी का संकट है, लेकिन कहीं भी एक फिटर या कार्यकारी अभियंता नजर नहीं आता, मंत्री की तो बात ही दूर है।’’

शर्मा ने कहा, ‘‘अस्पतालों में जाइए, वहां न डॉक्टर हैं, न चिकित्सा कर्मचारी और न ही गरीबों की सुनने वाला कोई है। स्कूलों में जाइए , वहां न शिक्षक हैं न मास्टर और न ही प्रधानाध्यापक।’’

उमर अब्दुल्ला पर निशाना साधते हुए शर्मा ने सवाल किया कि क्या लोगों ने उन्हें ‘‘राजकुमार की तरह रहने और गुलमर्ग तथा पहलगाम में स्कीइंग करने’’ के लिए चुना था?

उन्होंने उमर अब्दुल्ला को चुनौती देते हुए कहा कि वह अपनी गृह विधानसभा सीट गांदरबल से इस्तीफा दें और जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने के मुद्दे पर फिर से चुनाव लड़ें।

शर्मा ने कहा, ‘‘अगर आपमें थोड़ा भी आत्मसम्मान बचा है तो इस मुद्दे (राज्य का दर्जा) पर चुनाव लड़िए। तभी हम इसे आपका मुद्दा मानेंगे।’’

उन्होंने कहा कि राज्य का दर्जा बहाल करने का मुद्दा भाजपा का है, क्योंकि पार्टी ने लोगों से उचित समय पर इसे बहाल करने का वादा किया है।

भाजपा नेता ने सरकार पर 25 हजार नौकरियों को आउटसोर्स करने का भी आरोप लगाया।

शर्मा के अनुसार, भाजपा का प्रदर्शन चार प्रमुख मुद्दों पर केंद्रित है- निष्पक्ष भर्ती के बजाय नौकरियों को ‘‘बेचना’’, स्थानीय निकाय चुनाव नहीं कराना, ‘‘बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार’’ और बिजली दरों में बढ़ोतरी।

भाषा शोभना मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments