scorecardresearch
Wednesday, 2 September, 2026
होमरिपोर्टउत्तराखंड के 15 सदस्यीय मीडिया दल ने हैदराबाद में INCOIS का दौरा किया

उत्तराखंड के 15 सदस्यीय मीडिया दल ने हैदराबाद में INCOIS का दौरा किया

प्रेस दौरे में पत्रकारों को महासागर निगरानी, सुनामी चेतावनी और आपदा अलर्ट सिस्टम की जानकारी दी गई.

Text Size:

हैदराबाद: सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के तहत पीआईबी देहरादून की ओर से आयोजित हैदराबाद प्रेस दौरे पर उत्तराखंड का 15 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल 31 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक अध्ययन दौरे पर है. दल का नेतृत्व पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), देहरादून के सहायक निदेशक संजीव सुंद्रियाल कर रहे हैं. इस दौरे का मुख्य उद्देश्य पत्रकारों को तेलंगाना में केंद्र सरकार की प्रमुख विकास गतिविधियों और पहलों की प्रत्यक्ष जानकारी देना है.

दौरे के पहले दिन प्रतिनिधिमंडल ने पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), हैदराबाद का दौरा किया. यहां उन्होंने पीआईबी हैदराबाद की अपर महानिदेशक श्रीमती श्रुति पाटिल, संयुक्त निदेशक डॉ. मानस कृष्णकांत और अन्य अधिकारियों के साथ बातचीत की.

इस दौरान श्रुति पाटिल ने प्रतिनिधिमंडल को तेलंगाना में बदलते मीडिया परिदृश्य और सरकार की नीतियों, कार्यक्रमों और प्रमुख पहलों के प्रचार-प्रसार के लिए पीआईबी तथा केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी) की ओर से चलाए जा रहे संचार और आउटरीच कार्यक्रमों की जानकारी दी.

उन्होंने विकास से जुड़ी पत्रकारिता को बढ़ावा देने में ऐसे प्रेस दौरों की महत्ता पर जोर दिया. साथ ही पत्रकारों से आग्रह किया कि वे दौरे के दौरान मिले अनुभवों को उत्तराखंड की जनता के साथ साझा करें, ताकि तेलंगाना के बारे में लोगों की जानकारी बढ़े.

मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के तहत काम करने वाले भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र (INCOIS) का भी दौरा किया. यहां पत्रकारों को भारत की महासागर निगरानी क्षमता, सुनामी चेतावनी प्रणाली, पूर्वानुमान और आपदा से जुड़े अलर्ट जारी करने की तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई.

दौरे के आने वाले दिनों में प्रतिनिधिमंडल भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के राष्ट्रीय पोषण संस्थान (NIN) और श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के तहत आने वाले ईएसआईसी (ESIC) अस्पताल का दौरा करेगा. इन दौरों के दौरान पत्रकारों को पोषण अनुसंधान, सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़ी पहलों और कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं को समझने का मौका मिलेगा.

share & View comments