अहमदाबाद: रक्षाबंधन के मौके पर अहमदाबाद की धनगौरी बरोलिया ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को राखी भेजी है. राखी के साथ उन्होंने मुख्यमंत्री को एक भावुक पत्र भी लिखा है. पत्र में धनगौरी ने पिछले साल धराली में आई आपदा के दौरान मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात को याद किया है.
धनगौरी ने बताया कि पिछले साल रक्षाबंधन के समय वह उत्तराखंड आई थीं. इसी दौरान धराली में आई बाढ़ में वह फंस गई थीं. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जब आपदा प्रभावित इलाके का दौरा करने पहुंचे और वहां फंसे लोगों से मिले, तब धनगौरी को भी उनसे मिलने का मौका मिला.
धनगौरी ने बताया कि उस समय रक्षाबंधन नजदीक था. मुख्यमंत्री धामी ने उनसे कहा था कि अगर उनके पास राखी है तो वह उन्हें बांध सकती हैं. लेकिन उस समय उनके पास राखी नहीं थी. इसके बाद उन्होंने अपने दुपट्टे का एक छोटा सा टुकड़ा फाड़ा और उसे राखी मानकर मुख्यमंत्री की कलाई पर बांध दिया.
अपने पत्र में धनगौरी ने लिखा कि उसी दिन उन्होंने मुख्यमंत्री धामी को अपना धर्म भाई मान लिया था. उन्होंने कहा कि उनके लिए वह मुलाकात आज भी बहुत खास है और वह उस पल को कभी नहीं भूल सकतीं.
धनगौरी ने कहा कि धराली की उस मुश्किल घड़ी में मुख्यमंत्री धामी ने वहां फंसे लोगों का हौसला बढ़ाया और उन्हें भरोसा दिया. उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और द्रौपदी के प्रसंग का भी जिक्र किया. धनगौरी ने कहा कि जिस तरह श्रीकृष्ण द्रौपदी की मदद के लिए आगे आए थे, उसी तरह मुख्यमंत्री धामी भी उस मुश्किल समय में उनके लिए सहारा बने.
धनगौरी ने कहा कि इस साल वह अहमदाबाद में हैं, लेकिन रक्षाबंधन पर अपने भाई को राखी भेजना वह नहीं भूल सकतीं. इसी भावना के साथ उन्होंने मुख्यमंत्री धामी के लिए राखी भेजी है.
पत्र के अंत में धनगौरी ने मुख्यमंत्री धामी के स्वस्थ और लंबी उम्र की कामना की. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री इसी तरह उत्तराखंड और प्रदेश की जनता की सेवा करते रहें. धराली आपदा के दौरान दुपट्टे के एक छोटे से टुकड़े से शुरू हुआ भाई-बहन का यह रिश्ता आज भी धनगौरी के लिए उतना ही खास है.