scorecardresearch
Monday, 2 November, 2026
होमदेशचक्रवात से प्रभावित आंध्र में बिजली व्यवस्था बहाल करने के लिए 500 बिजलीकर्मी भेजेगा कर्नाटक

चक्रवात से प्रभावित आंध्र में बिजली व्यवस्था बहाल करने के लिए 500 बिजलीकर्मी भेजेगा कर्नाटक

Text Size:

बेंगलुरु, दो नवंबर (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने सोमवार को कहा कि राज्य सरकार चक्रवात ‘अर्नब’ से क्षतिग्रस्त बिजली ढांचे को बहाल करने में मदद के लिए 500 कुशल बिजलीकर्मियों को आवश्यक उपकरणों के साथ आंध्र प्रदेश भेजेगी।

शिवकुमार ने कहा कि इस संबंध में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू से उनकी बातचीत हुई है और उन्होंने चक्रवात के बाद पैदा हुई स्थिति से निपटने के लिए कर्नाटक की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘चक्रवात अर्नब के कारण 15,000 से अधिक बिजली के खंभे उखड़ गए हैं। ऐसे में बिजली ढांचे को बहाल करना बेहद जरूरी है और आंध्र प्रदेश ने इस काम में कर्नाटक से सहायता मांगी है।’’

उन्होंने कहा कि कर्नाटक का ऊर्जा विभाग इस सहायता अभियान का समन्वय कर रहा है और ऊर्जा मंत्री के. जे. जॉर्ज स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘इस सहायता के तहत कर्नाटक 500 कुशल बिजलीकर्मियों को आवश्यक उपकरणों के साथ भेज रहा है, ताकि (बिजली) बहाली का काम तेजी से पूरा किया जा सके और चक्रवात प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल हो सके।’

उन्होंने कहा कि ये बिजलीकर्मी आंध्र प्रदेश के अधिकारियों के साथ मिलकर काम करेंगे, ताकि बिजली बहाली के लिए संबंधित स्थानों पर कर्मचारियों और उपकरणों की प्रभावी तैनाती सुनिश्चित की जा सके।

शिवकुमार ने नये चक्रवात ‘मुरासु’ का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य अगले दो दिनों तक इससे उत्पन्न स्थिति और उसके होने वाले प्रभावों का आकलन करता रहेगा तथा हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगा।

भाषा शुभम सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments