scorecardresearch
Sunday, 14 June, 2026
होमदेशझारखंड: गिरिडीह में पुलिस पर पथराव और गाड़ी को नुकसान पहुंचाने के आरोप में दो लोग गिरफ्तार

झारखंड: गिरिडीह में पुलिस पर पथराव और गाड़ी को नुकसान पहुंचाने के आरोप में दो लोग गिरफ्तार

Text Size:

गिरिडीह, 14 जून (भाषा) झारखंड के गिरिडीह जिले में एक साइबर अपराधी को छुड़ाने और पथराव कर पुलिस की गाड़ी को नुकसान पहुंचाने में शामिल होने के आरोप में दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार रात अहिल्यापुर थानाक्षेत्र के चिकसोरिया गांव में उस समय हुई, जब पुलिस की एक टीम उसी इलाके के चमलिती गांव के रहने वाले साइबर अपराधी चुड़ामन मंडल को गिरफ्तार करने वहां पहुंची थी।

अधिकारी ने बताया, “गांव में आरोपी के होने की सूचना मिली थी।”

गिरिडीह (सदर) के अनुमंडल पुलिस अधिकारी जितवाहन उरांव ने बताया, ‘‘इसके बाद छापेमारी की गई और पुलिस ने मंडल को गिरफ्तार कर लिया। अभियान के दौरान, बदमाशों के एक समूह ने पुलिस बल पर पथराव और धक्का-मुक्की करना शुरू कर दिया। नतीजतन, साइबर अपराधी भाग निकला और पुलिस की गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।’’

उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद 21 नामजद एवं 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई और बाद में की गई छापेमारी में शनिवार रात दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज मंडल (20) और जीतन मंडल (51) के तौर पर हुई है तथा दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं।

उन्होंने बताया कि घटना में शामिल बाकी आरोपियों की धर-पकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है।

भाषा जितेंद्र सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments