scorecardresearch
Friday, 7 August, 2026
होमदेशझारखंड: भूख हड़ताल पर बैठे प्रदर्शनकारी की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती

झारखंड: भूख हड़ताल पर बैठे प्रदर्शनकारी की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती

Text Size:

रांची, सात अगस्त (भाषा) झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ भूख हड़ताल कर रहे छह प्रदर्शनकारियों में से एक प्रदर्शनकारी की शुक्रवार को तबीयत बिगड़ने के बाद उसे यहां एक अस्पताल ले जाया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी बताया कि राहुल क्रांति नामक छात्र नेता मंगलवार रात से भूख हड़ताल पर हैं और तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें इलाज के लिए एंबुलेंस से रांची सदर अस्पताल ले जाया गया।

क्रांति ने इससे पहले कहा था कि प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की थी लेकिन सुबह साढ़े आठ बजे तक कोई चिकित्सक प्रदर्शन स्थल पर नहीं पहुंचा।

झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के नेता देवेंद्र नाथ महतो की भूख हड़ताल में दो महिलाओं समेत पांच प्रदर्शनकारी मंगलवार रात शामिल हुए थे। महतो पिछले छह दिन से भूख हड़ताल पर हैं।

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर हाल में दिल्ली में 26 दिन की भूख हड़ताल करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने बुधवार को महतो से फोन पर बात की और उनसे आग्रह किया कि वह कम से कम पानी पी लें। इसके बाद महतो ने पानी पीना शुरू कर दिया।

झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन शुक्रवार को 14वें दिन भी जारी रहा।

इस बीच, दो छात्र संगठनों ने दिन में राज्य विधानसभा तक मार्च निकालने की घोषणा की, जहां विधानसभा सत्र चल रहा है।

प्रदर्शनकारी 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग सिविल सेवा परीक्षा रद्द किए जाने और भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) या राज्य के बाहर के सेवानिवृत्त उच्च न्यायालय न्यायाधीशों के एक पैनल से स्वतंत्र जांच कराने की मांग कर रहे हैं।

वे झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) में व्यापक सुधार की मांग भी कर रहे हैं।

भाषा सिम्मी रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments