जम्मू, चार अगस्त (भाषा) जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) से लगे अग्रिम गांवों के ऊपर मंगलवार को एक पाकिस्तानी ड्रोन दिखाई देने के बाद सुरक्षाबलों ने व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि दूसरी ओर, पुंछ जिले में दो अलग-अलग आतंकवादी समूहों की संदिग्ध आवाजाही की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने राष्ट्रीय राइफल्स की सहायता से दूरदराज के कई गांवों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया।
उन्होंने बताया कि अपराह्न करीब दो बजे पाकिस्तान का एक ड्रोन भारतीय क्षेत्र में घुस आया और कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर के बोबियान क्षेत्र में स्थित शुखमाल, देविंदेरा और तपन गांवों के ऊपर मंडराता हुआ देखा गया।
अधिकारियों के अनुसार सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के सतर्क जवानों ने ड्रोन को मार गिराने के लिए जवाबी कार्रवाई की, लेकिन अधिक ऊंचाई पर उड़ रहा यह ड्रोन सीमा पार वापस लौटने में सफल रहा।
उन्होंने बताया कि इसके बाद बीएसएफ और पुलिस ने पूरे क्षेत्र में गहन तलाशी अभियान चलाया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि ड्रोन ने कहीं कोई सामग्री हवा से नहीं गिराई हो। समाचार लिखे जाने तक सुरक्षाबलों का तलाशी अभियान जारी था।
पुंछ जिले में अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) ने राष्ट्रीय राइफल्स के जवानों की सहायता से सुरनकोट तहसील के धारा सांगला, गुज्जर नार और खेरोवाली ढोक सहित दर्जनों गांवों में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।
उन्होंने बताया कि यह अभियान घने वन क्षेत्र में दो अलग-अलग संदिग्ध आतंकवादी समूहों की गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद शुरू किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि अभी तक संदिग्ध आतंकवादियों से कोई संपर्क स्थापित नहीं हो सका है। सुरक्षाबल उनकी तलाश में व्यवस्थित ढंग से अभियान चला रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पुलिस और राष्ट्रीय राइफल्स ने मंगलवार को मेंढर तहसील के कालाबान और आसपास के इलाकों में भी तलाशी अभियान चलाया, लेकिन किसी को हिरासत में नहीं लिया गया।
एक अन्य घटनाक्रम में अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार सुबह कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट कट्टल-ब्राह्मणा गांव में एक मकान के आंगन से जंग लगा मोर्टार का पुराना गोला बरामद किया गया।
उन्होंने बताया कि सुभाष चंदर के घर में खुदाई का काम कर रहे मजदूरों की नजर संदिग्ध वस्तु पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने तत्काल अधिकारियों को इसकी सूचना दी।
अधिकारियों के अनुसार पुलिस की एक टीम बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) के साथ मौके पर पहुंची, क्षेत्र को सुरक्षित किया और मोर्टार के गोले को सुरक्षित तरीके से हटाकर निष्क्रिय करने के लिए अपने कब्जे में ले लिया।
भाषा रवि कांत रवि कांत पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.