scorecardresearch
Saturday, 26 September, 2026
होमदेशजम्मू-कश्मीर: उपराज्यपाल ने 220 लोगों की आंखों की रोशनी लौटाने वाले सेना के चिकित्सकों की सराहना की

जम्मू-कश्मीर: उपराज्यपाल ने 220 लोगों की आंखों की रोशनी लौटाने वाले सेना के चिकित्सकों की सराहना की

Text Size:

श्रीनगर, 26 सितंबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कुपवाड़ा जिले में 200 से अधिक लोगों की आंखों की रोशनी वापस लाने के लिए सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा (एएफएमएस) की टीमों की शनिवार को सराहना की।

एक आधिकारिक प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि एएफएमएस के चिकित्सकों ने जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा के पास आयोजित दो दिवसीय शिविर में 220 से अधिक सर्जरी कीं।

ये सर्जरी ‘ऑपरेशन दृष्टि’ के तहत आयोजित अनूठे नेत्र शल्य चिकित्सा शिविर के 10वें संस्करण के दौरान की गईं। ये सर्जरी उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा के तंगधार में एक भूमिगत ऑपरेशन थिएटर में बृहस्पतिवार और शुक्रवार को की गईं। यह ऐसा क्षेत्र है, जहां अक्सर गोलाबारी का खतरा रहता है।

उपराज्यपाल ने इसे ‘उल्लेखनीय उपलब्धि’ बताया।

सिन्हा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘तंगधार, करनाह में ऑपरेशन दृष्टि के तहत नेत्र शल्य चिकित्सा शिविर को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा के सर्जनों और कर्मियों को बधाई। चुनौतीपूर्ण सीमावर्ती क्षेत्र में एक भूमिगत ऑपरेशन थिएटर में 220 लोगों की आंखों की रोशनी वापस लाना एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।’’

उन्होंने कहा कि ब्रिगेडियर संजय कुमार मिश्रा के नेतृत्व में चिकित्सा टीम का समर्पण ऑपरेशन सद्भावना की वास्तविक भावना को दर्शाता है।

भाषा शोभना रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments