नयी दिल्ली, 21 अक्टूबर (भाषा) कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने बुधवार को अपने बेटे रेहान वाद्रा की एकल प्रदर्शनी से पहले दिल्ली में हाल ही में हुए विरोध-प्रदर्शनों से जुड़ी उनकी कुछ तस्वीरें बीकानेर हाउस प्रशासन द्वारा हटाए जाने पर कहा कि देशभर में युवाओं की आवाज को दबाया जा रहा है।
प्रियंका गांधी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘आज वह है, कल कोई और कलाकार होगा।’’
रेहान (एक कलाकार और फोटोग्राफर) ने कहा कि उन्हें अपराह्न साढ़े तीन बजे बताया गया कि यदि तस्वीरें शाम पांच बजे तक नहीं हटाई गईं तो ‘नो आइडिया इज फाइनल’ शीर्षक वाली प्रदर्शनी रद्द कर दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि उन्होंने प्रदर्शनी का विस्तृत प्रस्ताव और उसकी रूपरेखा काफी पहले ही बीकानेर हाउस प्रबंधन के साथ साझा कर दी थी।
लेकिन बीकानेर हाउस ने कुछ तस्वीरें हटा दीं। प्रियंका गांधी ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि यह हास्यास्पद है। क्या उन्हें यह लगता है कि वह एक युवा है… लेकिन मेरा मानना है कि वे देशभर में युवाओं की आवाज दबा रहे हैं। इसलिए यह अपेक्षित ही है कि वे किसी के भी साथ ऐसा करेंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘विरोध-प्रदर्शनों की उसकी तस्वीरों में न तो कोई टिप्पणी थी और न ही ऐसी कोई चीज थी जो किसी के प्रति अपमानजनक हो। वे केवल विरोध-प्रदर्शन का दृश्य दस्तावेज थीं। मेरा मतलब है कि साफ तौर पर उनकी सोच ऐसी ही है। अब यह लोकतंत्र नहीं रहा। आज वह है, कल कोई और कलाकार होगा।’’
प्रदर्शनी की झलक बुधवार को दिखाई गई, लेकिन यह बृहस्पतिवार को आम लोगों के लिए खुलेगी। प्रदर्शनी रविवार तक जारी रहेगी।
करीब 40 तस्वीरें अब भी प्रदर्शित हैं, जबकि 70 से अधिक तस्वीरें हटा दी गई हैं।
भाषा हक पवनेश संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.