scorecardresearch
Sunday, 26 April, 2026
होमदेशइसरो की मई में अगले प्रक्षेपण की तैयारी; आर्टेमिस-2 सफल होगा: वी नारायणन

इसरो की मई में अगले प्रक्षेपण की तैयारी; आर्टेमिस-2 सफल होगा: वी नारायणन

Text Size:

तिरुवनंतपुरम, चार अप्रैल (भाषा) भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष वी. नारायणन ने शनिवार को कहा कि इसरो मई में अपने अगले प्रक्षेपण की दिशा में काम कर रहा है और नये वित्त वर्ष में कई मिशन निर्धारित हैं।

नारायणन ने अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के ‘आर्टेमिस’ कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि नासा का लक्ष्य चंद्रमा पर मानव को एक बार फिर उतारना है तथा ‘आर्टेमिस-2’ उस लक्ष्य की दिशा में एक कदम है।

उन्होंने कहा कि यह मौजूदा मिशन कक्षीय है, जिसमें अंतरिक्ष यान पृथ्वी पर लौटने से पहले चंद्रमा की परिक्रमा करेगा।

नारायणन ने ‘इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियर्स केरल’ की ओर से शुरू किया गया केपीपी नांबियार पुरस्कार 2025 प्राप्त करने के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम निकट भविष्य में होने वाले प्रक्षेपणों की तैयारी कर रहे हैं। वित्त वर्ष अभी शुरू ही हुआ है, कई मिशनों की योजना है और हमारा लक्ष्य मई से प्रक्षेपण शुरू करना है।’’

हालांकि, उन्होंने किसी विशेष मिशन का नाम नहीं बताया।

‘गगनयान’ मिशन से जुड़े ‘इंटीग्रेटेड एयर ड्रॉप टेस्ट-2 (आईएडीटी-2)’ के बारे में नारायणन ने कहा कि इस मामले में काम योजना के मुताबिक आगे बढ़ रहा है, हालांकि अभी कोई निश्चित तारीख तय नहीं की गई है।

उन्होंने ‘नेविगेशन विद इंडियन कॉन्स्टेलेशन (नाविक)’ उपग्रह नेविगेशन प्रणाली का जिक्र करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम भी तय दिशा में आगे बढ़ रहा है और अगले प्रक्षेपण का ब्यौरा ‘‘उचित समय पर’’ दिया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि ‘पीएसएलवी-सी62’ मिशन की विफलता की जांच के लिए गठित के. विजय राघवन समिति की रिपोर्ट जल्द आने की संभावना है।

भाषा

सिम्मी प्रशांत

प्रशांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments