scorecardresearch
Thursday, 30 July, 2026
होमदेशसांसदों की संख्या बढ़ाने के बजाय युवाओं के लिए रोजगार बढ़ाए सरकार: उद्धव ठाकरे

सांसदों की संख्या बढ़ाने के बजाय युवाओं के लिए रोजगार बढ़ाए सरकार: उद्धव ठाकरे

Text Size:

मुंबई, 29 जुलाई (भाषा) शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए बुधवार को कहा कि सरकार को सांसदों की संख्या बढ़ाने के बजाय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए।

तीन पुस्तकों के विमोचन समारोह को संबोधित करते हुए उद्धव ने अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी का परोक्ष रूप से उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा भगवान राम के साथ भी ‘‘इस्तेमाल करो और छोड़ दो’’ की नीति अपनाती है।

जिन पुस्तकों का विमोचन किया गया, उनमें से एक उद्धव के दादा प्रबोधनकार ठाकरे और पिता बाल ठाकरे के लेखन पर आधारित है।

लोकसभा सदस्यों की संख्या बढ़ाने से जुड़े प्रस्तावित विधेयक के औचित्य पर सवाल उठाते हुए उद्धव ने आरोप लगाया कि इस विधेयक के समर्थन के लिए सांसदों को अपनी ओर किया जा रहा है।

उद्धव का इशारा पिछले महीने शिवसेना (उबाठा) के छह लोकसभा सदस्यों के एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना में शामिल होने के घटनाक्रम की ओर था।

उद्धव ने कहा, ‘‘सांसदों की संख्या बढ़ाने के बजाय रोजगार के अवसर बढ़ाइए।’’

उन्होंने सवाल किया कि यदि मौजूदा 550 सांसदों को ही सदन में बोलने का पर्याप्त अवसर नहीं मिलता, तो 850 सांसदों को बोलने का समय कैसे मिलेगा।

उद्धव ने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को भी बोलने नहीं दिया जाता।

उन्होंने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर हुए छात्र आंदोलन और तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करने वाले युवाओं की भी सराहना की।

उद्धव ने कहा कि जब सभी को लगने लगा था कि लोकतंत्र खत्म हो गया है, तब युवाओं ने अपने आंदोलन के जरिये उसमें नयी जान फूंक दी।

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं में बढ़ते आक्रोश के लिए सरकार जिम्मेदार है।

उन्होंने कहा कि देश ने देख लिया है कि जब युवाओं की आवाज को नजरअंदाज किया जाता है, तो उसके क्या परिणाम होते हैं।

उद्धव ने कहा कि यदि युवाओं को ‘‘कॉकरोच’’ कहा जाएगा, तो उनका नाराज होना स्वाभाविक है।

भाषा रवि कांत रवि कांत पारुल

पारुल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments