scorecardresearch
Wednesday, 23 September, 2026
होमदेशनेपाल बाढ़ के बाद भारतीय फोरेंसिक टीम ने तैयार किए 1,200 से अधिक डीएनए प्रोफाइल: विदेश मंत्रालय

नेपाल बाढ़ के बाद भारतीय फोरेंसिक टीम ने तैयार किए 1,200 से अधिक डीएनए प्रोफाइल: विदेश मंत्रालय

Text Size:

नयी दिल्ली, 23 सितंबर (भाषा) नेपाल में हाल ही में अचानक आई बाढ़ के बाद काठमांडू में तैनात एक भारतीय फोरेंसिक टीम 3,000 डीएनए नमूनों पर काम कर रही है और अब तक 1,200 से अधिक डीएनए प्रोफाइल तैयार कर चुकी है। विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अपने पाक्षिक संवाददाता सम्मेलन के दौरान एक सवाल के जवाब में यह जानकारी साझा की।

जायसवाल ने कहा, ‘‘हमने आपको 275 लापता लोगों का आंकड़ा दिया था, जो भारतीय नागरिक हैं। इसके अलावा, भारतीय प्रवासियों और भारतीय मूल के कई अन्य लोग भी लापता हैं। नेपाल में हमारी एक फोरेंसिक टीम मौजूद है जो काठमांडू की कई प्रयोगशालाओं में अपने नेपाली सहयोगियों के साथ काम कर रही है।’’

उन्होंने आगे कहा, ‘‘भारतीय टीम 3,000 नमूनों पर काम कर रही है, जिनमें से वह अब तक 1,200 से अधिक डीएनए प्रोफाइल तैयार करने में सफल रही है। काम लगातार जारी है और लापता भारतीय नागरिकों तथा अन्य लापता व्यक्तियों के संबंध में हम नेपाली अधिकारियों से सूचना मिलने का इंतजार कर रहे हैं।’’

नेपाल-तिब्बत सीमा के पास 26 अगस्त को अचानक आई बाढ़ ने उत्तरी और मध्य नेपाल के कस्बों और गांवों को तबाह कर दिया था। हिमालयी सीमावर्ती क्षेत्र से दक्षिण की ओर बहने वाली भोटेकोशी नदी अपने साथ बाढ़ का पानी नीचे ले आई, जिससे घर, वाहन, सड़कें और पुल बह गए और जलविद्युत परियोजनाओं को भी भारी नुकसान पहुंचा।

भाषा मनीषा रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments