नयी दिल्ली, 11 अक्टूबर (भाषा) भारत ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए भीषण हमले की रविवार को कड़ी निंदा की।
इस हमले में 12 लोगों की मौत हो गई और 300 से अधिक अन्य लोग घायल हो गए।
भारत ने कहा कि सऊदी अरब में आम नागरिकों और असैन्य प्रतिष्ठानों पर बार-बार किए जा रहे हमले ‘‘पूरी तरह अस्वीकार्य हैं और इन्हें तत्काल रोका जाना चाहिए।’’
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘हम पिछले कुछ दिनों में रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कई बार किए गए हमलों की कड़ी निंदा करते हैं। इनमें 10 अक्टूबर को किया गया कायरतापूर्ण हमला भी शामिल है। इन हमलों में लोगों की जान गई है, कई लोग घायल हुए हैं और संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।’’
मंत्रालय ने कहा, ‘‘हम मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।’’
सऊदी अरब ने हमले के लिए हूती विद्रोहियों को जिम्मेदार ठहराया है।
विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘हम सऊदी अरब की संप्रभुता की रक्षा के लिए वहां की सरकार और जनता के साथ एकजुटता से खड़े हैं। हमें उम्मीद है कि क्षेत्र में जल्द से जल्द शांति और सामान्य स्थिति बहाल होगी।’’
भाषा सिम्मी गोला
गोला
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.