scorecardresearch
Monday, 3 August, 2026
होमदेशजोधपुर में लगातार बारिश से जर्जर मकान की छत गिरी, आठ वर्षीय बच्ची की मौत, तीन घायल

जोधपुर में लगातार बारिश से जर्जर मकान की छत गिरी, आठ वर्षीय बच्ची की मौत, तीन घायल

Text Size:

जोधपुर, तीन अगस्त (भाषा) राजस्थान के जोधपुर में लगातार हो रही बारिश के बीच सोमवार सुबह दो मंजिला एक ‘‘जर्जर’’ मकान की छत गिरने से आठ वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसके परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि हादसे के बाद नगर निगम ने असुरक्षित भवन को सील कर दिया है।

यह हादसा सुबह करीब साढ़े पांच बजे सदर बाजार थाना क्षेत्र के घनी आबादी वाले नागौरी सिलावटों का बास इलाके में हुई।

सदर बाजार थाना प्रभारी माणकराम बिश्नोई ने बताया कि मोहम्मद इरफान का परिवार अपने दो मंजिला मकान की दूसरी मंजिल पर सो रहा था, तभी छत की चार-पांच स्लैब अचानक भरभराकर गिर गईं। उन्होंने बताया कि मकान पहले से ही जर्जर हालत में था और लगातार हो रही बारिश के कारण इसकी संरचना और कमजोर हो गई थी।

अधिकारी ने बताया कि चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला। अधिकारियों ने बताया सभी घायलों को महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने आठ वर्षीय अलसीफा को मृत घोषित कर दिया।

अधिकारी ने बताया कि हादसे में मोहम्मद इरफान, उनकी पत्नी और दो वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनका अस्पताल में उपचार जारी है।

घटना के बाद नगर निगम की टीम ने मौके का निरीक्षण करके क्षतिग्रस्त मकान को सील कर दिया। इसी गली में स्थित एक अन्य जर्जर भवन को भी एहतियात के तौर पर सील किया गया है।

नगर निगम की अधिकारी अर्चना व्यास ने बताया कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए क्षेत्र में जर्जर भवनों की पहचान का अभियान शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले भी इसी इलाके में एक अन्य जर्जर मकान को नोटिस देने के बाद सील किया गया था।

भाषा बाकोलिया अमित

अमित

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments