scorecardresearch
Sunday, 26 April, 2026
होमदेशहिमाचल प्रदेश में विधायकों, विधानसभा कर्मचारियों के लिए खाना चूल्हे पर पकाया जा रहा है

हिमाचल प्रदेश में विधायकों, विधानसभा कर्मचारियों के लिए खाना चूल्हे पर पकाया जा रहा है

Text Size:

शिमला, 19 मार्च (भाषा) वाणिज्यिक एलपीजी की कमी के बीच हिमाचल प्रदेश में न केवल निजी आतिथ्य उद्योग बल्कि हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अंतर्गत आने वाले होटल भी प्रभावित हुए हैं।

शिमला स्थित होटल हॉलिडे होम के कर्मचारियों के अनुसार खाना पकाने के लिए चूल्हे में लकड़ी का उपयोग किया जा रहा है। होटल हॉलिडे होम हिमाचल प्रदेश पर्यटन का एक प्रमुख प्रतिष्ठान है और राज्य विधानसभा के सत्रों के दौरान यह विधायकों एवं विधानसभा के कर्मचारियों को खानपान सेवाएं भी प्रदान करता है।

बजट सत्र जारी रहने के दौरान होटल हॉलिडे होम प्रतिदिन विधायकों और कर्मचारियों सहित 500 से अधिक लोगों को भोजन उपलब्ध कराता है।

वर्तमान में होटल का रसोईघर लकड़ी डिपो से प्राप्त जलाऊ लकड़ी पर निर्भर है।

रसोइया बेली राम ने बताया कि रसोईघर में प्रतिदिन लगभग 750 लोगों के लिए भोजन बनता है, जिनमें विधानसभा के सदस्य और कर्मचारी, होटल के मेहमान और स्थानीय ग्राहक शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि कारोबार पर कोई असर न पड़े, इसके लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है और जब तक व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर की कमी बनी रहेगी तब तक रसोई में खाना पकाने के लिए गैस की जगह लकड़ी का इस्तेमाल किया जाएगा।

होटल हॉलिडे होम के रसोइये अरविंद ने कहा, ‘‘हम सभी जानते हैं कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की कमी है। हम रोजाना लगभग 700 लोगों को भोजन उपलब्ध कराने के लिए लकड़ी पर खाना पका रहे हैं।’’

भाषा सुरभि पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments