scorecardresearch
Saturday, 21 November, 2026
होमदेशजेल में बंद सांसद अमृतपाल सिंह दादी के अंतिम संस्कार में शामिल, 22 नवंबर को लौटेंगे डिब्रूगढ़ जेल

जेल में बंद सांसद अमृतपाल सिंह दादी के अंतिम संस्कार में शामिल, 22 नवंबर को लौटेंगे डिब्रूगढ़ जेल

सिंह ने 2024 के आम चुनाव में डिब्रूगढ़ जेल में रहते हुए निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर खडूर साहिब लोकसभा सीट से जीत हासिल की थी.

Text Size:

डिब्रूगढ़: जेल में बंद पंजाब के सांसद और कट्टरपंथी उपदेशक अमृतपाल सिंह को शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच असम के डिब्रूगढ़ शहर से विमान के जरिए नई दिल्ली लाया गया. वे अदालत से मिली अनुमति के तहत पंजाब के उनके पैतृक गांव में अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल हुए.

पंजाब पुलिस की एक टीम, जिसका नेतृत्व डीसीपी स्तर के एक अधिकारी कर रहे थे, ने सिंह को अपनी हिरासत में लिया. वह 2023 से यहां एक पुलिस थाने पर हमले के मामले में जेल में बंद हैं. अदालत के आदेश के मुताबिक, उन्हें गांव जाने की व्यवस्था की गई है.

‘वारिस पंजाब दे’ के प्रमुख के वकील जसबीर कौर ने यहां पत्रकारों को बताया कि सिंह को रविवार को वापस डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल लाया जाएगा.

कौर ने कहा, “उन्हें आज कड़ी सुरक्षा के बीच दिल्ली ले जाया गया है. वह कल अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पंजाब जाएंगे. तय व्यवस्था के मुताबिक, उन्हें 22 नवंबर को वापस डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल लाया जाएगा.”

उन्होंने कहा कि परिवार सिंह के अपनी दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होने का इंतजार कर रहा था. 84 साल की चरण कौर का 8 नवंबर को निधन हो गया था.

सिंह को सात गाड़ियों के काफिले में जेल से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित डिब्रूगढ़ हवाई अड्डे ले जाया गया. वहां से उन्हें विमान के जरिए राष्ट्रीय राजधानी लाया गया.

पंजाब जाने के लिए उन्हें 17 नवंबर को वहां की एक अदालत से नया आदेश मिला था. इससे पहले 14 नवंबर को उनकी यात्रा की व्यवस्था की गई थी, लेकिन डिब्रूगढ़ और अमृतसर के बीच उपयुक्त उड़ानें और परिवहन सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने जैसी व्यवस्थागत दिक्कतों के कारण यह संभव नहीं हो पाया था.

अमृतसर के एक अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश ने पंजाब सरकार को निर्देश दिया था कि 21 नवंबर को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक तीन घंटे के लिए सिंह को उनके गांव जल्लूपुर खेड़ा में मौजूद रखा जाए. अदालत ने मानवीय आधार पर इसकी अनुमति दी थी. साथ ही स्पष्ट किया था कि इस दौरान वह हिरासत में ही रहेंगे.

अदालत ने सिंह को 22 नवंबर को अपनी दादी की अस्थियां इकट्ठा करने की रस्म में शामिल होने और अगले दिन होने वाले ‘भोग’ समारोह में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल होने की भी अनुमति दी थी. अदालत ने यह फैसला कानून-व्यवस्था से जुड़ी चिंताओं को देखते हुए लिया था, क्योंकि इन कार्यक्रमों में उनकी शारीरिक मौजूदगी की अनुमति देना उचित नहीं माना गया.

सिंह के आने-जाने और सुरक्षा का खर्च उन्हें खुद उठाना होगा. अदालत ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि खर्च उचित रखा जाए.

सिंह को पहली बार 23 अप्रैल 2023 को पंजाब के मोगा जिले से हिरासत में लिया गया था. राज्य में अजनाला पुलिस थाने पर हमले के करीब दो महीने बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया था.

अमृतसर (ग्रामीण), जालंधर और मोगा में सिंह और उनके समर्थकों के खिलाफ हिंसा और धमकी देने की घटनाओं से जुड़े 12 अन्य मामले भी लंबित हैं.

उनका नाम सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर गुरप्रीत सिंह उर्फ हरि नौ की हत्या के मामले में कथित मुख्य साजिशकर्ता के तौर पर भी दर्ज है. गुरप्रीत की 9 अक्टूबर 2024 को कोटकपूरा में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. वह गांव के गुरुद्वारे से घर लौट रहे थे.

डिब्रूगढ़ में हिरासत के दौरान उन पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) भी लगाया गया था.

सिंह ने 2024 के आम चुनाव में डिब्रूगढ़ जेल में रहते हुए निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर खडूर साहिब लोकसभा सीट से जीत हासिल की थी. चार दिन के लिए दिल्ली जाने की अनुमति मिलने के बाद उन्हें 5 जुलाई 2024 को सांसद पद की शपथ दिलाई गई थी.

यह एकमात्र मौका था जब वह संसद की कार्यवाही में शामिल हुए थे. संसद के बाद के दो सत्रों में शामिल होने की अनुमति मांगने वाली उनकी याचिकाएं हाई कोर्ट ने खारिज कर दी थीं. पंजाब सरकार लगातार कानून-व्यवस्था से जुड़ी चिंताओं का हवाला देती रही थी.


यह भी पढ़ें: Exclusive: नौसेना के 3 नेक्स्ट जेनरेशन कॉर्वेट बनाएगा निजी शिपयार्ड, 54,000 करोड़ का है ऑर्डर


 

share & View comments