scorecardresearch
Wednesday, 22 July, 2026
होमदेशवंदे मातरम् पर घंटों चर्चा हो सकती है, तो NEET पर क्यों नहीं?—प्रियंका गांधी का केंद्र पर हमला

वंदे मातरम् पर घंटों चर्चा हो सकती है, तो NEET पर क्यों नहीं?—प्रियंका गांधी का केंद्र पर हमला

उन्होंने कहा कि विपक्ष चाहता है कि नीट विवाद पर स्थगन प्रस्ताव के तहत पूरी और गंभीर चर्चा हो.

Text Size:

नई दिल्ली: कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब संसद में ‘वंदे मातरम्’ जैसे मुद्दे पर घंटों चर्चा हो सकती है, तो नीट जैसे अहम मुद्दे पर स्थगन प्रस्ताव (Adjournment Motion) के तहत लंबी और गंभीर चर्चा क्यों नहीं कराई जा सकती.

मीडिया से बात करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा, “हमने वंदे मातरम् पर 10 घंटे चर्चा की थी. अब फिर वंदे मातरम् पर बिल लाया जा रहा है. फिर स्थगन प्रस्ताव पर लंबी और विस्तार से चर्चा क्यों नहीं हो सकती? इसका जवाब सरकार को देना चाहिए.”

उन्होंने कहा कि विपक्ष चाहता है कि नीट विवाद पर स्थगन प्रस्ताव के तहत पूरी और गंभीर चर्चा हो.

प्रियंका गांधी ने कहा, “अगर सरकार वंदे मातरम् पर आठ घंटे चर्चा कर सकती है, तो नीट जैसे मुद्दे पर भी लंबी चर्चा हो सकती है. लेकिन सरकार हमेशा खेल खेलती रहती है.”

इससे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने कहा कि राज्यसभा में विपक्षी दलों ने नियम 267 के तहत नोटिस देकर छात्र प्रदर्शनकारियों पर कथित पुलिस कार्रवाई, विपक्षी नेताओं की हिरासत और नीट मुद्दे पर तुरंत चर्चा की मांग की है.

जयराम रमेश ने कहा कि “राज्यसभा में गतिरोध इसलिए बना हुआ है क्योंकि सरकार नियम 267 के तहत चर्चा कराने से लगातार इनकार कर रही है.”

उन्होंने बताया कि नियम 267 के तहत राज्यसभा में सूचीबद्ध कार्यवाही को रोककर किसी महत्वपूर्ण मुद्दे पर तत्काल चर्चा कराई जा सकती है, जबकि नियम 176 के तहत कम समय की चर्चा का प्रावधान है.

share & View comments