scorecardresearch
Monday, 18 May, 2026
होमदेश‘प्यार से मानेंगे ठीक है, नहीं मानेंगे तो दूसरा तरीका अपनाएंगे’, सड़क पर नमाज को लेकर बोले CM योगी

‘प्यार से मानेंगे ठीक है, नहीं मानेंगे तो दूसरा तरीका अपनाएंगे’, सड़क पर नमाज को लेकर बोले CM योगी

योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ की एक जनसभा का वीडियो भी साझा किया, जिसमें उन्होंने कहा कि उनसे अक्सर पूछा जाता है कि क्या उत्तर प्रदेश में लोग सड़कों पर नमाज नहीं पढ़ते.

Text Size:

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नमाज नियमों के तहत पढ़ी जानी चाहिए और जरूरत पड़ने पर शिफ्ट में भी पढ़ी जा सकती है. उन्होंने कहा कि प्रशासन पहले लोगों को समझाकर नियम मानने के लिए तैयार करेगा और अगर बात नहीं बनी तो दूसरा तरीका अपनाया जाएगा.

मुख्यमंत्री योगी ने एक्स पर साझा एक पोस्ट में कहा, “नमाज पढ़नी है तो अपनी शिफ्ट में पढ़िए… प्यार से मानेंगे ठीक है, नहीं मानेंगे तो दूसरा तरीका अपनाएंगे.”

योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ की एक जनसभा का वीडियो भी साझा किया, जिसमें उन्होंने कहा कि उनसे अक्सर पूछा जाता है कि क्या उत्तर प्रदेश में लोग सड़कों पर नमाज नहीं पढ़ते.

उन्होंने कहा, “मुझसे अक्सर पूछा जाता है कि क्या उत्तर प्रदेश में लोग सड़कों पर नमाज नहीं पढ़ते. मैं साफ कहता हूं कि ऐसा बिल्कुल नहीं होता, जाकर देख लीजिए. सड़कें चलने के लिए होती हैं. क्या कोई चौराहे पर तमाशा लगाकर ट्रैफिक रोक सकता है? लोगों की आवाजाही रोकने का अधिकार किसी को नहीं है.”

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि जरूरत पड़ने पर शिफ्ट में व्यवस्था की जा सकती है, लेकिन जनता को परेशानी नहीं होने दी जाएगी.

उन्होंने कहा, “कुछ लोगों ने कहा कि हमारी संख्या ज्यादा है तो कैसे होगा? हमने कहा कि शिफ्ट में कर लीजिए. अगर घर में जगह नहीं है तो संख्या उसी हिसाब से संभालिए. बेवजह भीड़ बढ़ाने की जरूरत नहीं है.”

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कानून सभी पर बराबर लागू होता है और सार्वजनिक जगहों का गलत इस्तेमाल नहीं किया जा सकता.

उन्होंने कहा, “सरकार का नियम ही कानून का नियम है. यह सब पर बराबर लागू होता है. नमाज जरूरी है, आप अपनी शिफ्ट में पढ़िए. हम उसे रोकेंगे नहीं, लेकिन सड़क पर नहीं.”

share & View comments