पटना: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को बीजेपी पर नेताओं को तोड़ने का आरोप लगाया और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि वोटर लिस्ट में गड़बड़ी करने की कोशिश की जा रही है.
पटना में बातचीत के दौरान भगवंत मान ने कहा कि बीजेपी को दूसरी पार्टियों के विधायकों को तोड़ने और संगठन बढ़ाने के बजाय देश पर ध्यान देना चाहिए.
उन्होंने कहा, “15 जून से SIR शुरू होगा. ये लोग असली वोटों से फर्जी वोट बनाते हैं और पंजाब में हम ऐसा नहीं होने देंगे.”
उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब चुनाव आयोग ने SIR फेज-3 की घोषणा की है. यह प्रक्रिया 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में चरणबद्ध तरीके से होगी और इसमें 36 करोड़ से ज्यादा मतदाता शामिल होंगे.
चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार पंजाब में इसकी तैयारी 15 जून से शुरू होगी. इसके बाद 25 जून से 24 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर जांच करेंगे. अंतिम वोटर लिस्ट 1 अक्टूबर 2026 को जारी की जाएगी.
भगवंत मान ने केंद्र सरकार से ज्यादा पारदर्शिता की मांग भी की. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से देश के भंडारों की जानकारी सार्वजनिक करने को कहा.
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी को देश में मौजूद सोना, पेट्रोल और एलपीजी के मौजूदा भंडार की जानकारी सार्वजनिक करनी चाहिए.”
उनकी यह टिप्पणी प्रधानमंत्री मोदी की उस अपील के बाद आई है, जिसमें उन्होंने पश्चिम एशिया संकट से पैदा हुई वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच लोगों से ईंधन की खपत कम करने, टिकाऊ जीवनशैली अपनाने और आर्थिक मजबूती में सहयोग करने की अपील की थी.