नयी दिल्ली, 17 जून (भाषा) संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने बुधवार को केंद्र सरकार को अमेरिका के साथ प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर हस्ताक्षर करने के खिलाफ चेतावनी दी और देश भर के किसानों से कहा कि वे इस समझौते पर हस्ताक्षर होने के अगले दिन देशव्यापी विरोध प्रदर्शन के लिए तैयार रहें।
यह फैसला यहां हुई एसकेएम की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में लिया गया। बैठक में 10 अगस्त को देशव्यापी आंदोलन की घोषणा भी की गई, जिसमें सी2 प्लस 50 प्रतिशत पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी और पक्की खरीद, मुक्त व्यापार समझौतों को रद्द करने और किसानों का पूरा कर्ज माफ करने की मांग की जाएगी।
‘सी2 प्लस 50 प्रतिशत’ फॉर्मूला, भारत में फसलों के लिए उचित एमएसपी तय करने के लिए स्वामीनाथन आयोग द्वारा सुझाया गया एक कृषि मूल्य निर्धारण मानक है। यहां सी2 का अर्थ ‘व्यापक लागत’ है।
किसान संगठन ने कहा कि अगर सरकार भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करती है, तो राज्य समन्वय समितियां और सदस्य संगठन विरोध प्रदर्शन के स्वरूप और स्थान का निर्णय करेंगे।
इस अभियान के तहत, एसकेएम 10 अगस्त को देशव्यापी विरोध दिवस के तौर पर मनाएगा। इसके तहत अलग-अलग राज्यों में ‘रेल रोको’, ‘रास्ता रोको’ और ‘जेल भरो’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। संगठन ने कहा कि आंदोलन की रूपरेखा और विवरण उसकी राज्य इकाइयों और सहयोगी संगठनों द्वारा तय किए जाएंगे।
भाषा प्रशांत माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.