scorecardresearch
Saturday, 19 September, 2026
होमदेशपिता की मौत से जुड़े हालात पर मुझे कोई संदेह नहीं, ठाकरे अपनी जानकारी साझा करें: पंकजा

पिता की मौत से जुड़े हालात पर मुझे कोई संदेह नहीं, ठाकरे अपनी जानकारी साझा करें: पंकजा

Text Size:

मुंबई, 19 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र की मंत्री पंकजा मुंडे ने शनिवार को कहा कि उन्हें अपने पिता एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता गोपीनाथ मुंडे की मौत से जुड़े हालात को लेकर कोई संदेह नहीं है, और अगर शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे के पास कोई अतिरिक्त जानकारी है तो उन्हें इस बारे में स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

ठाकरे की ओर से इस सप्ताह की शुरुआत में दिए गए बयान पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता मुंडे प्रतिक्रिया दे रही थीं।

महाराष्ट्र में भाजपा को मजबूत करने में प्रमोद महाजन और गोपीनाथ मुंडे के योगदान का उल्लेख करते हुए ठाकरे ने कहा था कि दोनों अब जीवित नहीं हैं और ‘‘गोपीनाथ मुंडे की मौत से जुड़ा रहस्य अब तक सुलझ नहीं पाया है।’’

पंकजा मुंडे ने कहा कि 2014 में दिल्ली में सड़क हादसे में अपने पिता की मौत उनके लिए आज भी बहुत दुख की बात है।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर उद्धव जी ने कहा है कि उन्हें लगता है कि इसके पीछे कोई रहस्य है और अगर उनके पास इस बारे में कोई अतिरिक्त जानकारी है तो उन्हें इसे स्पष्ट करना चाहिए। निश्चित रूप से कोई भी इस पर चुप नहीं रहेगा।’’

पंकजा ने कहा कि उन्होंने अपने पिता की मौत की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की थी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से व्यक्तिगत रूप से इस मामले को देखने का आग्रह किया था। उन्होंने कहा, ‘‘पूरी जांच होने के बाद, मुझे नहीं लगता कि 12 साल बाद मेरे मन में कोई संदेह है।’’

भाषा आशीष नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments