सहरसा, 26 अक्टूबर (भाषा) बिहार के सहरसा जिले में सोमवार दोपहर शादी समारोह से घर लौट रहे एक व्यक्ति की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान जावेद इकबाल उर्फ गुड्डू आलम के रूप में हुई है। वह हरेवा पंचायत की पूर्व मुखिया उम्मे कुलसुम के पति थे। हमलावरों ने अपराह्न करीब तीन बजे बनमा इटहरी थाना क्षेत्र में सरबेला पुल के पास उनकी पीठ में गोली मार दी।
सिमरी बख्तियारपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) निशिकांत भारती ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा, ‘‘पुलिस मामले की जांच कर रही है। हमलावरों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।’’
उन्होंने बताया कि हत्या के पीछे का सटीक कारण अभी पता नहीं चल पाया है। हालांकि, शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।
अधिकारियों के मुताबिक, सलखुआ प्रखंड के हरेवा गांव निवासी इकबाल सरबेला में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सरबेला-मुबारकपुर सड़क के पास हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी।
इस घटना के बाद उन्हें पहले सिमरी बख्तियारपुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां से उन्हें सहरसा सदर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने दावा किया कि इकबाल के बेटे का हाल ही में सौर बाजार थाना क्षेत्र के चिकनी गांव के कुछ युवकों से विवाद हुआ था। हालांकि, पुलिस ने इस विवाद और हत्या के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं की है।
भाषा
सं, कैलाश रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.