scorecardresearch
Sunday, 19 April, 2026
होमदेशहरियाणा: गैस रिसाव के बाद एलपीजी सिलंडर में आग लगने से विस्फोट, सात बच्चों समेत 11 झुलसे

हरियाणा: गैस रिसाव के बाद एलपीजी सिलंडर में आग लगने से विस्फोट, सात बच्चों समेत 11 झुलसे

Text Size:

यमुनानगर, नौ अप्रैल (भाषा) हरियाणा के यमुनानगर में बृहस्पतिवार को प्रवासी मजदूरों के एक आवासीय क्वार्टर में गैस रिसाव के बाद एलपीजी सिलेंडर में आग लगने से विस्फोट हो गया, जिसमें सात बच्चों सहित 11 लोग झुलस गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

जगाधरी (सदर) थाना प्रभारी तरसेम कुमार ने फोन पर बताया कि यह घटना सलेमपुर बांगर इलाके में एक कारखाने के पास हुई, जहां सुबह एक परिवार लकड़ी का इस्तेमाल करके खाना बना रहा था।

उन्होंने बताया, ‘पास में रखे एक सिलेंडर से गैस का रिसाव हुआ और इसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया और फिर इसमें धमाका हुआ, जिससे क्वार्टर की दीवारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।’

अधिकारियों ने बताया कि घायलों में दो महीने का एक शिशु, 43 वर्ष के दो पुरुष, एक महिला (40) और 18 वर्षीय युवती शामिल है जबकि अन्य घायल बच्चों की उम्र पांच से 10 वर्ष के बीच बताई गई है।

उन्होंने बताया, ‘घटना के बाद घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।’

उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से झुलसे आठ लोगों को चंडीगढ़ के एक अस्पताल में रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच जारी है।

भाषा प्रचेता पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments