चंडीगढ़, 26 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हरियाणा इकाई ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिवंगत पिता के बारे में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की विवादित टिप्पणी को लेकर सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया।
खरगे ने रविवार को पटना में एक कार्यक्रम के दौरान विवादित बयान दिया था।
उन्होंने वहां मौजूद एक व्यक्ति की टिप्पणी के जवाब में कहा था ‘मोदी का बाप भी जाएगा’।
खरगे ने बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में यह टिप्पणी की।
अंबाला छावनी में ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने खरगे का पुतला फूंका।
विज ने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘अपमान’ देश कभी बर्दाश्त नहीं करेगा।
उन्होंने कहा, ‘‘सत्ता परिवर्तन नारे के तहत देश में अराजकता फैलाने की कोशिशों को भारतीय जमीन पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।’’
कांग्रेस को सलाह देते हुए उन्होंने कहा, ‘‘आप राजनीति जरूर करें, लेकिन इस देश की संस्कृति का सम्मान भी करें। अगर विपक्षी नेता अपनी बात रखना चाहते हैं, तो उन्हें मर्यादित एवं उचित तरीके से ऐसा करना चाहिए।’’
रोहतक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया।
खरगे की आलोचना करते हुए गुप्ता ने कहा कि किसी के परिवार को निशाना बनाना लोकतांत्रिक मर्यादा के अनुरूप नहीं है।
भाषा जोहेब सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.