नयी दिल्ली, दो नवंबर (भाषा) शिरोमणि अकाली दल (शिअद) की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने पंजाब के मानसा जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के खिलाफ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को विशेषाधिकार हनन की शिकायत सौंपी है और ‘सांसदों के कार्यों के प्रभावी निर्वहन की रक्षा’ के लिए उनके हस्तक्षेप की मांग की है।
शिरोमणि अकाली दल की सांसद ने यह कदम कथित रूप से नशे की अत्यधिक मात्रा के कारण एक युवक की हुई मौत पर जताई गई अपनी चिंताओं को पंजाब पुलिस के अधिकारी द्वारा ‘खारिज’ किए जाने के बाद उठाया है।
सूत्रों ने बताया कि बठिंडा से सांसद हरसिमरत कौर बादल ने अपनी शिकायत में मानसा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) वैभव चौधरी के खिलाफ लोकसभा के प्रक्रिया एवं कार्य संचालन नियमों के नियम 222/223 के तहत नोटिस दिया है।
सूत्रों के मुताबिक, इस नोटिस को कार्रवाई के लिए विशेषाधिकार समिति को भेज दिया गया है और समिति अब इस मामले की जांच करेगी।
बठिंडा की सांसद ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि जब युवक की मौत से जुड़ा मामला एसएसपी के संज्ञान में लाया गया, तो उन्होंने पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाया और पुलिस ने मृतक के परिवार से उसका शव जबरन छीन लिया।
उन्होंने दावा किया कि पुलिस को मृतक के पिता के ठिकाने के बारे में कोई जानकारी नहीं होने की बात कही जा रही है, जबकि परिवार का दावा था कि पिता की पुलिस के साथ तस्वीरें मौजूद हैं।
हरसिमरत ने अपनी शिकायत में कहा, ‘मैं नियम 223 के तहत नोटिस देती हूं और 29 अक्टूबर 2026 को मेरी बातचीत के दौरान मानसा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री वैभव चौधरी के आचरण से संबंधित विशेषाधिकार हनन और सदन की अवमानना का प्रश्न उठाने के लिए लोकसभा के प्रक्रिया एवं कार्य संचालन नियमों के तहत आपकी सहमति चाहती हूं।’
भाषा सुमित वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.