नई दिल्ली: कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की संस्मरण किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ अब HarperCollins India प्रकाशित करेगा. किताब 10 नवंबर 2026 को भारत में जारी की जाएगी.
HarperCollins India ने शुक्रवार को इसका ऐलान करते हुए कहा कि लंबे समय से इंतजार की जा रही यह किताब अपने तरह की सबसे चर्चित राजनीतिक संस्मरणों में से एक है. प्रकाशक के मुताबिक, ‘Belonging’ प्यार, पहचान, जिम्मेदारी और अपनेपन की एक निजी कहानी है और इसमें भारत की यात्रा को करीब से देखने का मौका मिलता है.
HarperCollins India ने एक्स पर लिखा, “HarperCollins India सोनिया गांधी की ‘Belonging: A Journey of Love’ प्रकाशित करेगा. लंबे समय से इंतजार की जा रही यह संस्मरण किताब 10 नवंबर 2026 को भारत में प्रकाशित होगी.”
यह ऐलान ऐसे समय हुआ है जब Penguin Random House India के इस किताब को प्रकाशित करने को लेकर विवाद चल रहा था. Penguin Random House India ने हाल ही में साफ किया था कि वह भारत में सोनिया गांधी की ‘Belonging’ का प्रकाशक नहीं है.
मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया था कि Penguin Random House India ने सोनिया गांधी की ओर से प्रस्तावित संपादकीय बदलावों को स्वीकार नहीं करने के बाद किताब प्रकाशित करने से पीछे हटने का फैसला किया था. इसके बाद प्रकाशक ने इस दावे को खारिज करते हुए स्पष्टीकरण जारी किया.
Penguin Random House India ने कहा कि वह किताब प्रकाशित करने के लिए अब भी “इच्छुक” था और तथ्य-जांच करना और लेखकों को संपादकीय बदलावों का सुझाव देना प्रकाशक की जिम्मेदारी का हिस्सा है.
प्रकाशक ने कहा, “एक प्रकाशक के तौर पर तथ्यों की जांच करना और लेखकों को उनकी किताब के हित में सुझाव देना हमारा अधिकार और जिम्मेदारी दोनों है. यह प्रकाशन प्रक्रिया का सामान्य हिस्सा है.”
उसने आगे कहा कि संबंधित बातचीत के दौरान भी उसका रुख यही था कि वह किताब प्रकाशित करने के लिए तैयार और इच्छुक है. प्रकाशक ने लेखक के साथ हुई गोपनीय बातचीत पर आगे टिप्पणी करने से इनकार किया.
यह संस्मरण सोनिया गांधी के जीवन के सफर को बयान करता है. इसमें युद्ध के बाद के इटली में उनके बचपन से लेकर भारत आने और यहां उनके प्यार और जीवन की कहानी शामिल है. किताब में उन निजी दुखों का भी जिक्र है, जिन्होंने उनके जीवन और भारत के साथ उनके रिश्ते को गहराई से प्रभावित किया.
79 वर्षीय सोनिया गांधी कांग्रेस की सबसे लंबे समय तक पार्टी अध्यक्ष रहने वाली नेताओं में शामिल हैं. संस्मरण में वह इटली में अपने बचपन, कैम्ब्रिज में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी से अपने रिश्ते और अपनी सास इंदिरा गांधी तथा पति राजीव गांधी की हत्या के बारे में भी लिखती हैं.