scorecardresearch
Friday, 4 September, 2026
होमरिपोर्टजन्माष्टमी पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचे योगी, चांदी से सजे गर्भगृह में किए ‘लाला’ के दर्शन

जन्माष्टमी पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचे योगी, चांदी से सजे गर्भगृह में किए ‘लाला’ के दर्शन

मुख्यमंत्री के रूप में 20वीं बार जन्मभूमि पहुंचे योगी आदित्यनाथ; योगमाया-केशवदेव मंदिर में भी पूजा की, श्रद्धालुओं पर बरसाए फूल.

Text Size:

मथुरा: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार सुबह श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर पहुंचे. ब्रज प्रवास के दूसरे दिन उन्होंने मुख्य गर्भगृह में विराजमान ‘लाला’ यानी बाल कृष्ण के दर्शन किए और विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना की. मुख्यमंत्री के रूप में श्रीकृष्ण जन्मभूमि का यह उनका 20वां दौरा था.

मंदिर परिसर पहुंचने पर श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया.

जन्माष्टमी के मौके पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुख्य गर्भगृह को चांदी की परत से सजाया गया था. गर्भगृह की दीवारों पर की गई चांदी की सजावट के बीच मुख्यमंत्री काफी देर तक लाला के स्वरूप को भक्तिभाव से निहारते रहे.

मुख्य गर्भगृह में दर्शन और पूजा के बाद योगी ने परिसर में स्थित योगमाया मंदिर, केशवदेव मंदिर और भागवत भवन में भी दर्शन-पूजन किया. उन्होंने देश और प्रदेश में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की.

दर्शन-पूजन से पहले मुख्यमंत्री ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर में गोपूजन किया. इसके बाद वहां मौजूद हजारों श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया और उन पर फूल बरसाए.

योगी ने देशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं भी दीं.

मुख्यमंत्री ने जन्मभूमि परिसर में सांस्कृतिक प्रस्तुति दे रहे उज्जैन से आए कलाकारों के बीच पहुंचकर उनका उत्साह बढ़ाया. उन्होंने कलाकारों के साथ फोटो भी खिंचवाई.

मुख्यमंत्री करीब 30 मिनट तक श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर में रहे.

share & View comments