scorecardresearch
Wednesday, 21 October, 2026
होमदेशपंजाब में हथगोला, पिस्तौल और 3.4 किलोग्राम हेरोइन बरामद, सात लोगों को पकड़ा गया

पंजाब में हथगोला, पिस्तौल और 3.4 किलोग्राम हेरोइन बरामद, सात लोगों को पकड़ा गया

Text Size:

चंडीगढ़, 21 अक्टूबर (भाषा) पंजाब की अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने दो अलग-अलग अभियानों में तीन नाबालिग सहित सात लोगों को हिरासत में लेकर मादक पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बुधवार को बताया कि आरोपियों के कब्जे से एक हथगोला, दो पिस्तौल, 29 कारतूस और 3.4 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई है।

पहले अभियान में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय (28) और रॉबिन मसीह (22) के रूप में हुई है। दूसरे अभियान में गुरलाल सिंह (20) और रशपाल सिंह (18) के अलावा 17 साल के तीन नाबालिगों को पकड़ा गया है। पुलिस ने उनकी बिना पंजीकरण वाली मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।

यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी कथित तौर पर विदेश में बैठे तस्करों के संपर्क में थे और आपराधिक तत्वों तक पहुंचाने के लिए अवैध हथियारों की तस्करी कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए जांच जारी है।

पहले अभियान का ब्योरा साझा करते हुए सीमा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि अमृतसर ग्रामीण पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि अजय सीमा पार से ड्रोन के जरिए गिराई गई हेरोइन और अवैध हथियार हासिल कर रहा है, ताकि विदेश में बैठे गैंगस्टरों के निर्देश पर उन्हें आपराधिक तत्वों तक पहुंचा सके।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए एक केंद्रीय एजेंसी के समन्वय से मनावाला इलाके में नाकाबंदी की और मोटरसाइकिल पर अपने साथी रॉबिन मसीह के साथ जा रहे अजय को रोक लिया।

भुल्लर ने बताया कि मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे अजय के बैग की तलाशी लेने पर करीब 3.4 किलोग्राम हेरोइन, दो पिस्तौल और 19 कारतूस बरामद किए गए।

दूसरे अभियान में दशहरे के दिन संयुक्त गश्त के दौरान अपराध जांच एजेंसी और लोपोके के थाना प्रभारी की संयुक्त टीम को सूचना मिली कि सीमा पार से तस्करी करने वाला एक व्यक्ति स्थानीय युवाओं के जरिए हथियारों और विस्फोटकों की खेप पहुंचा रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने जांच के दौरान समूह को रोक लिया और उनके कब्जे से एक हथगोला, एक पिस्तौल तथा 10 कारतूस बरामद किए।

अमृतसर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि अजय नशे का आदी और आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ कम से कम पांच मामले दर्ज हैं, जिनमें स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत चार और शस्त्र अधिनियम के तहत एक मामला शामिल है।

भाषा राखी शफीक

शफीक

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments