वडोदरा, 30 जुलाई (भाषा) गुजरात के वडोदरा जिले की मांजलपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए बृहस्पतिवार को मतदान जारी है। इस सीट के लिए दो उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
गुजरात के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय के मुताबिक मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और मतदाता शाम छह बजे तक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं। मतगणना के लिए तीन अगस्त की तारीख तय की गई है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ विधायक और गुजरात के पूर्व मंत्री योगेश पटेल का लंबी बीमारी के बाद दो जून को निधन होने की वजह से इस सीट पर उपचुनाव कराना आवश्यक हो गया था।
सत्तारूढ़ भाजपा ने वडोदरा नगर निगम के पूर्व पार्षद सतीश गोविंदभाई पटेल को अपना उम्मीदवार बनाया है जबकि कांग्रेस ने अपनी राज्य इकाई के उपाध्यक्ष और पूर्व मंत्री भीखाभाई रबारी पर दांव लगाया है।
इस उपचुनाव के लिए कुल 2.19 लाख मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 1,11,645 पुरुष, 1,07,847 महिलाएं और दो तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं।
सीईओ कार्यालय के लिए मुताबिक उपचुनाव के लिए 62 मतदेय केंद्रों पर कुल 260 मतदान बूथ बनाए गए हैं। प्रत्येक बूथ पर औसतन 844 मतदाता पंजीकृत हैं।
मांजलपुर निर्वाचन क्षेत्र में 2022 के गुजरात विधानसभा चुनावों में 60.15 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।
भाषा धीरज गोला
गोला
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.