scorecardresearch
Saturday, 7 November, 2026
होमदेशगुजरात : अमरेली में तेंदुए के हमले में सात वर्षीय बच्चे की मौत

गुजरात : अमरेली में तेंदुए के हमले में सात वर्षीय बच्चे की मौत

Text Size:

अमरेली, सात नवंबर (भाषा) गुजरात के अमरेली जिले में शनिवार सुबह तेंदुए के हमले में सात वर्षीय एक बच्चे की मौत हो गई। वन विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उप वन संरक्षक चिराग अमीन की ओर से साझा की गई रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 8.45 बजे मोटा भंडारिया और सनोसरा गांवों के बीच स्थित जीतुभाई मंजरीया के खेत में हुई।

रिपोर्ट के अनुसार, खेतिहर मजदूर के रूप में काम कर रहे बच्चे के माता-पिता कपास के खेत में काम कर रहे थे और इस दौरान वहां खेल रहे उनके बेटे साहिल कलासवा पर तेंदुए ने हमला कर दिया।

हमले में बच्चे के सिर और पेट में गंभीर चोटें आईं तथा उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कपास की ऊंची फसल का फायदा उठाकर तेंदुए ने घात लगाकर बच्चे पर हमला किया।

इस घटना के बाद लीलिया वन्यजीव रेंज के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इसके बाद बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अमरेली के सिविल अस्पताल भेज दिया गया।

वन विभाग ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है और हमले से जुड़ी परिस्थितियों की जांच की जा रही है। विभाग ने वन्यजीवों के हमले में लोगों की मौत होने पर लागू प्रावधानों के तहत आर्थिक सहायता देने की भी सिफारिश की है।

अधिकारियों ने बताया कि आसपास के इलाके में तेंदुए को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

भाषा रवि कांत नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments