अहमदाबाद, 26 अक्टूबर (भाषा) सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)की गुजरात इकाई ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर विवादित ‘बाप’ वाली टिप्पणी के खिलाफ सोमवार को गांधीनगर में प्रदर्शन किया और विपक्षी नेता से माफी की मांग की।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘घ’ गोलचक्कर से सेक्टर 22 स्थित कांग्रेस कार्यालय तक रैली निकालने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया।
प्रदर्शन में शामिल भाजपा विधायक अल्पेश ठाकोर ने कहा, ‘‘85 साल के एक वरिष्ठ नेता को ऐसी टिप्पणी करने के लिए माफी मांगनी चाहिए। यह उनके पद के अनुरूप नहीं है। खरगे जिस आक्रामक और अपमानजनक लहजे का इस्तेमाल करते हैं, वह उनके संस्कारों को दर्शाता है।’’
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष भरत पांड्या ने कहा ‘‘ये टिप्पणियां देश के सभी नागरिकों का अपमान हैं, जिनमें गुजरात के लोग भी शामिल हैं।’’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सारी हदें पार कर दी हैं।
पार्टी सांसद हसमुख पटेल ने आरोप लगाया कि जनता का समर्थन पाने में नाकाम रहने के बाद विपक्षी पार्टी अपना आपा खो बैठी है।
इस बीच, कांग्रेस कार्यकर्ता भी पार्टी कार्यालय में एकत्र हुए और भाजपा के आंदोलन के खिलाफ अपना विरोध जताने के लिए ‘मेलोडी’ चॉकलेट बांटीं।
भाषा धीरज नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.