नयी दिल्ली, दो नवंबर (भाषा) दिल्ली में सोमवार शाम चार बजे वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब’ श्रेणी में दर्ज किए जाने के बाद अधिकारियों ने पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में ग्रैप के दूसरे चरण के प्रतिबंध लागू कर दिए।
वहीं, अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के अनुसार, इस मौसम में पहली बार सोमवार सुबह नौ बजे दिल्ली का एक्यूआई 312 दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में था। इसके बाद शाम चार बजे तक यह बढ़कर 324 पहुंच गया।
सीएक्यूएम की चरणबद्ध प्रतिक्रिया कार्य योजना (ग्रैप) उप-समिति ने सोमवार को वायु गुणवत्ता की स्थिति की समीक्षा की। समिति ने पाया कि दिल्ली का एक्यूआई 31 अक्टूबर को 117 था, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। इसके बाद एक नवंबर को यह बढ़कर 261 हो गया और ‘खराब’ श्रेणी में पहुंच गया। सोमवार को एक्यूआई 324 दर्ज किया गया।
समिति ने प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों और भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) तथा भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के पूर्वानुमानों का हवाला देते हुए कहा कि आने वाले दिनों में भी वायु गुणवत्ता के ‘बेहद खराब’ श्रेणी में बने रहने की आशंका है।
दो नवंबर को जारी आदेश में कहा गया, ‘‘इसके मद्देनजर उप-समिति ने पूरे एनसीआर में मौजूदा ग्रैप के दूसरे चरण (बेहद खराब वायु गुणवत्ता) के तहत सभी उपाय तत्काल प्रभाव से लागू करने का निर्णय लिया है।’’
एनसीआर में मौजूदा ग्रैप के पहले चरण के प्रतिबंधों सहित दूसरे चरण के तहत पार्किंग शुल्क बढ़ाने के साथ अन्य उपाय किए जाएंगे।
सभी संबंधित एजेंसियों को प्रदूषण नियंत्रण के उपाय तेज करने और वायु गुणवत्ता को और खराब होने से रोकने के लिए कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है।
भाषा प्रचेता नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.