गोंडा (उप्र), दो नवंबर (भाषा) केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने सोमवार को उत्तर प्रदेश में विपक्ष की पूर्ववर्ती सरकारों पर आरोप लगाते हुए दावा किया कि राज्य में 2017 से पहले की सरकारें वसूली करती थीं, लेकिन अब विकास हो रहा है।
यहां एक समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में उन्होंने मंच से विकास परियोजनाओं के लिए उनका विशेष आभार जताया।
उन्होंने 2014 से पहले और 2017 के बाद के हालात का जिक्र करते हुए योगी के मुख्यमंत्रित्व काल की विकास परियोजनाओं को गिनाया।
अवधि में अपनी बात रखते हुए 2017 से पहले के हालातों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि घर की महिलाएं असुरक्षा के चलते बाहर निकलने से कतराती थीं।
उन्होंने कहा कि सपा सरकार में वसूली होती थी तो बसपा मुखिया के जन्मदिन पर भी वसूली की चर्चा रहती थी।
उन्होंने 18 साल के मतदाताओं को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘मैं नौजवानों से कहना चाहता हूं कि यहां सरकार के नाम पर भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं होता था और कानून के नाम पर माफिया का राज के अलावा कुछ नहीं होता था। आज हमारी माताएं-बहनें, हमारे समूह सखी लोग यहां बैठी हैं, जिनके लिए सरकार ने अपनी आमदनी कमाने का जरिया खोल दिया है। आत्मनिर्भर बनाने का रास्ता बनाया है। ’’
भाषा आनन्द राजकुमार
राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.