नई दिल्ली: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास के बाहर कांग्रेस के प्रदर्शन पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार नीट पर चर्चा और छात्रों की हर वास्तविक चिंता के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, लेकिन कांग्रेस छात्रों का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है.
प्रधान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस छात्रों का बेशर्मी से राजनीतिक औजार के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना देकर कांग्रेस ने आम लोगों को परेशानी पहुंचाई और सुरक्षा प्रोटोकॉल की भी अनदेखी की.
LoP Shri @RahulGandhi and @INCIndia continue to shamelessly exploit students as political tools to manufacture disruption during the Monsoon Session of Parliament.
Shri @RahulGandhi and @INCIndia chose to stage a dharna outside the Hon'ble Prime Minister's residence , causing…
— Dharmendra Pradhan (@dpradhanbjp) July 21, 2026
उन्होंने कहा कि सरकार ने नीट पर व्यापक चर्चा के लिए अपनी तैयारी पहले ही जता दी थी, लेकिन कांग्रेस ने लोकतांत्रिक बहस की बजाय राजनीतिक प्रदर्शन को चुना. उनका आरोप था कि कांग्रेस का मकसद छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं, बल्कि राजनीतिक सुर्खियां बटोरना है.
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि भारत के छात्र राजनीतिक अभियान का हिस्सा बनने के बजाय बेहतर व्यवस्था, समाधान और जवाबदेही के हकदार हैं. उन्होंने कहा कि सरकार संसद में नीट पर चर्चा करने और युवाओं की हर वास्तविक चिंता का जवाब देने के लिए 100 फीसदी प्रतिबद्ध है.
उन्होंने कहा, “हम अपने छात्रों के सिर्फ गुस्से के नहीं, बल्कि जवाब, सुधार और जवाबदेही के भी ऋणी हैं. हमारी सरकार यही देने के लिए प्रतिबद्ध है.”
वहीं, नीट-यूजी 2026 पेपर लीक और छात्र प्रदर्शन पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च कर रहे राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी नेताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया. बाद में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी भी मंदिर मार्ग थाने पहुंचीं. कांग्रेस ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और पेपर लीक मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की है.