नई दिल्ली: नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकारी आवास के पास प्रदर्शन कर रहे लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा को मंगलवार को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया.
कांग्रेस नेता नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले में जवाबदेही तय करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर लोक कल्याण मार्ग की ओर मार्च कर रहे थे. इस दौरान पुलिस ने राहुल गांधी को जबरन हटाया और उन्हें उठाकर पुलिस बस तक ले जाती हुई दिखाई दी.
प्रदर्शन के दौरान कई अन्य कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया गया. इससे पहले प्रदर्शनकारी राजाजी मार्ग से लोक कल्याण मार्ग तक मार्च कर रहे थे. कांग्रेस का आरोप है कि एक दिन पहले पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने बल प्रयोग किया था.
हिरासत में लिए जाने के दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, “ये लोग डरपोक हैं. ये हमसे डरते हैं. हम इनसे नहीं डरते.”
पुलिस वैन से बात करते हुए कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि यह आंदोलन की शुरुआत है. उन्होंने कहा, “यह अंत नहीं, बल्कि राहुल गांधी के नेतृत्व में एक नई क्रांति की शुरुआत है. हमें जेल में डाल दें, लाठीचार्ज करें या अत्याचार करें, लेकिन मोदी जी को उन लाखों छात्रों और उनके परिवारों को जवाब देना होगा जिनका भविष्य पेपर लीक की वजह से प्रभावित हुआ है.”
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को हिरासत में लिए जाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि विपक्ष छात्रों के लिए न्याय की मांग कर रहा है और यह मुद्दा संसद में उठाया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि 100 से ज्यादा सांसद मौजूद हैं और कोई गिरफ्तारी से डरने वाला नहीं है.
इससे पहले प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी अपनी बात से पीछे हट गए. उन्होंने कहा कि सरकार ने संसद में नीट मुद्दे और छात्र आंदोलन पर चर्चा की मांग मान ली थी, लेकिन इसके बाद राहुल गांधी ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की नई शर्त रख दी.
जितेंद्र सिंह ने यह भी कहा कि सरकार नीट से जुड़े सभी मुद्दों पर संसद में चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन कांग्रेस ने अब तक नियमों के तहत औपचारिक चर्चा का नोटिस नहीं दिया है.
यह प्रदर्शन नीट-यूजी 2026 पेपर लीक और छात्रों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन का हिस्सा है. संसद में भी इस मुद्दे पर विपक्ष लगातार चर्चा की मांग कर रहा है.
यह भी पढ़ें: नीट मुद्दे पर चर्चा के आश्वासन के बाद राहुल गांधी ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग रख दी: जितेंद्र सिंह