scorecardresearch
Wednesday, 5 August, 2026
होमदेशइंदौर हवाई अड्डे पर सोना तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, सीमा शुल्क कर्मचारी समेत पांच गिरफ्तार

इंदौर हवाई अड्डे पर सोना तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, सीमा शुल्क कर्मचारी समेत पांच गिरफ्तार

Text Size:

इंदौर (मप्र), पांच अगस्त (भाषा) राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर संचालित सोना तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए सीमा शुल्क विभाग के एक कार्यकारी सहायक और एक निजी एयरलाइन के कर्मचारी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।

डीआरआई की बुधवार को जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से लगभग 1.44 करोड़ रुपये मूल्य का 1.02 किलोग्राम विदेशी सोना जब्त किया गया है। डीआरआई ने खुफिया सूचना के आधार पर इस गिरोह का भंडाफोड़ किया।

विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘गिरोह का सोना तस्करी का तरीका अलग था। अबू धाबी से सोना लेकर आने वाले यात्री विमान से उतरने के बाद सीमा शुल्क के आगमन क्षेत्र में प्रवेश करने से पहले एयरोब्रिज पर एअर इंडिया एक्सप्रेस के एक कर्मचारी को तस्करी का सोना सौंप देते थे। इसके बाद यह कर्मचारी आव्रजन और सीमा शुल्क जांच से बचते हुए सोना बाहर ले जाता था और इसे गिरोह के सदस्यों को सौंप देता था।’’

खुफिया सूचना के आधार पर तीन अगस्त को डीआरआई अधिकारियों ने इस गिरोह का भंडाफोड़ किया।

विज्ञप्ति में बताया गया है कि डीआरआई अधिकारियों ने अबू धाबी से सोना लेकर आने वाले यात्री की पहचान करके उसे भी पकड़ लिया। इसके साथ ही, तस्करी में सक्रिय रूप से मदद करने वाले एअर इंडिया एक्सप्रेस के कर्मचारी को भी हिरासत में ले लिया गया।

डीआरआई की पूछताछ में यह भी सामने आया कि सीमा शुल्क विभाग का एक कार्यकारी सहायक भी इस गिरोह को विदेशी सोना भारत में तस्करी के जरिये लाने में मदद कर रहा था।

विज्ञप्ति के मुताबिक, 24 कैरेट सोने के दो कंगन के रूप में कुल 1.02 किलोग्राम विदेशी सोना जब्त किया गया है जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 1.44 करोड़ रुपये है।

इस मामले में पांचों आरोपियों को सीमा शुल्क अधिनियम 1962 के तहत गिरफ्तार किया गया है और आगे की जांच जारी है।

इस बीच, डीआरआई ने राज्य में एक अन्य कार्रवाई में कटनी जंक्शन स्थित रेलवे स्टेशन पर दो लोगों को पकड़कर उनके कब्जे से 748.10 ग्राम विदेशी सोने की ईंट बरामद की है।

भाषा हर्ष

गोला

गोला

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments