पणजी, 11 अक्टूबर (भाषा) गोवा के महिला एवं बाल विकास मंत्री विश्वजीत राणे ने कहा है कि राज्य सरकार जमीनी स्तर पर महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कदम उठाएगी, ताकि वे विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभा सकें और देश की प्रगति में योगदान दे सकें।
राणे ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि नयी दिल्ली में दो दिवसीय ‘नारी शक्ति मंथन’ सम्मेलन शुक्रवार को संपन्न हुआ जिसमें नए विचार सामने आए, कई महत्वपूर्ण बातें सीखने को मिलीं और महिलाओं के नेतृत्व में विकास की प्रतिबद्धता दोहराई गई।
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में हमारा सामूहिक संकल्प स्पष्ट है। हम महिलाओं के लिए अधिक अवसर पैदा करना चाहते हैं, ताकि वे विकसित भारत के निर्माण और देश की प्रगति में अग्रणी भूमिका निभा सकें।’’
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण को गोवा के हर हिस्से तक पहुंचाने और हर स्तर पर महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
महिला एवं बाल विकास पर दो दिवसीय सम्मेलन आठ और नौ अक्टूबर को नयी दिल्ली में आयोजित किया गया।
भाषा तान्या सिम्मी
सिम्मी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.