पौड़ी, चार नवंबर (भाषा) उत्तराखंड के पौड़ी जिले में खांड्यूसैंण के निकट तेंदुए के हमले में चार वर्षीय बच्ची की मौत होने से गुस्साए ग्रामीणों ने बुधवार को पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर जाम लगा दिया और क्षेत्र के तहसीलदार तथा उप प्रभागीय वन अधिकारी (एसडीओ) को एक दुकान में बंद कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि घटना मंगलवार देर शाम ओजली गांव में हुई थी जहां तेंदुआ घर के आंगन में खेल रही आरुषि नामक लड़की को खींचकर ले गया था।
अधिकारियों ने कहा कि लड़की को घसीटकर ले जाते हुए उसके सात वर्षीय भाई आर्यन ने देख लिया, जिसके बाद उसके शोर मचाने पर परिजन और ग्रामीणों ने लड़की की तलाश शुरू की।
बाद में घर से लगभग 100 मीटर दूर झाड़ियों में आरुषि का शव बरामद हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर पूरी तरह से जाम लगा दिया और इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही बाधित रही जिससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने वन विभाग के साथ ही पौड़ी की जिलाधिकारी के खिलाफ भी नारेबाजी की।
ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार हो रहे तेंदुओं के हमलों के बावजूद वन विभाग और प्रशासन की ओर से इस समस्या से निजात दिलाने के लिए कोई कार्रवाई न किए जाने पर नाराजगी जताई।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अब लोग अपने घरों के आंगन और आसपास के रास्तों पर भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं और छोटे बच्चों को घर से बाहर भेजने में उन्हें डर लग रहा है ।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते प्रभावी कदम उठाए गए होते तो शायद इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकता था।
उन्होंने क्षेत्र में सक्रिय तेंदुए को पकड़ने या उसे मारने के लिए तत्काल प्रभावी अभियान चलाने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने उन्हें समझाने पहुंचे पौड़ी के तहसीलदार राजेंद्र गोस्वामी और वन विभाग की एसडीओ आयशा बिष्ट को एक दुकान के अंदर बंद कर दिया।
उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
मंगलवार शाम को घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे स्थानीय भाजपा विधायक राज कुमार पोरी को भी लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा था। लोगों ने नारेबाजी करते हुए उनका घेराव करके विरोध जताया था । गांव की एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने विधायक की कार के ऊपर चढ़कर विरोध जताया जिसे नीचे उतारने में पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ी।
पौड़ी जिले के कोटद्वार में मंगलवार शाम को एक अन्य घटना में तेंदुए के हमले में आठ वर्षीय लड़की सान्वी की मौत हो गई थी । भाषा सं दीप्ति जोहेब
जोहेब
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.