नयी दिल्ली, एक नवंबर (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि गायत्री मंत्र संपूर्ण परिवर्तन का मार्ग है और यह व्यक्तियों के भीतर सकारात्मक गुणों को जगा सकता है व उनकी सर्वोत्तम क्षमताओं को बाहर लाने में मदद कर सकता है।
यहां ‘अखिल विश्व गायत्री परिवार’ द्वारा आयोजित ‘शताब्दी समारोह 2026’ को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि कई युवाओं को गायत्री मंत्र से लाभ हुआ है, जिससे उनकी सकारात्मक सोच, साहस, स्मरण शक्ति, समझने की क्षमता और निर्णय लेने की क्षमता में सुधार आया है।
उन्होंने कहा, ‘अपने अनुभव के आधार पर मेरा मानना है कि गायत्री मंत्र संपूर्ण परिवर्तन का मार्ग है। यह केवल एक धार्मिक या आध्यात्मिक अनुष्ठान नहीं है।’
शाह ने बताया कि मंत्र के 24 अक्षर सीधे 24 ‘शुभ्र ग्रंथियों’ से जुड़े हुए हैं और इन शक्तियों को जगाने से नकारात्मक गुणों को दबाया जा सकता है और सकारात्मक गुणों को उभारा जा सकता है।
उन्होंने कहा, ‘गायत्री मंत्र के 24 अक्षरों को आधार बनाकर और अपने गुरु से इसके शुद्ध उच्चारण का संस्कार प्राप्त करके यदि हम 24 शुभ शक्तियों को जगाते हैं, तो हमारे भीतर छिपी अशुभ शक्तियां दब जाती हैं और शुभ शक्तियां प्रकट होती हैं।’
भाषा
सुमित वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.