scorecardresearch
Sunday, 1 November, 2026
होमरिपोर्टमध्य प्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर PM मोदी ने CM मोहन यादव को लिखा पत्र, सरकार के कामों की सराहना

मध्य प्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर PM मोदी ने CM मोहन यादव को लिखा पत्र, सरकार के कामों की सराहना

प्रधानमंत्री ने प्रदेशवासियों को दी बधाई, कहा- 2047 तक विकसित भारत के संकल्प में मध्य प्रदेश निभाएगा अहम भूमिका.

Text Size:

भोपाल: मध्य प्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम पत्र लिखा है. प्रधानमंत्री ने पत्र के जरिए प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं और मध्य प्रदेश सरकार के कामों की सराहना की. उन्होंने राज्य के साथ अपने जुड़ाव, विकास और गौरवशाली इतिहास का भी जिक्र किया.

प्रधानमंत्री ने मध्य प्रदेश की ऐतिहासिक विरासत, राजा भोज, देवी अहिल्याबाई होलकर, रानी दुर्गावती और टंट्या मामा जैसी महान विभूतियों को याद किया. उन्होंने राज्य के बदलते स्वरूप और उज्ज्वल भविष्य का जिक्र करते हुए विश्वास जताया कि विकसित भारत@2047 में मध्य प्रदेश महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.

प्रधानमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार इस साल को ‘किसान कल्याण वर्ष’ के रूप में मना रही है. उन्होंने कहा कि किसानों की समृद्धि गांवों की खुशहाली और देश की आर्थिक शक्ति का आधार है.

प्रधानमंत्री मोदी ने पत्र में मध्य प्रदेश से अपने पुराने जुड़ाव का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि संगठन के दिनों में उन्हें राज्य के कई इलाकों में जाने और कार्यकर्ताओं व नागरिकों के बीच समय बिताने का अवसर मिला. उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे, अटल बिहारी वाजपेयी, राजमाता विजयाराजे सिंधिया, सुंदरलाल पटवा और कैलाश जोशी को याद किया.

उन्होंने मालवा, निमाड़, बुंदेलखंड, महाकौशल, ग्वालियर-चंबल और विंध्य समेत राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों की परंपराओं और प्राकृतिक सुंदरता का भी जिक्र किया. प्रधानमंत्री ने उज्जैन, मां नर्मदा, राजा भोज, देवी अहिल्याबाई होलकर, रानी दुर्गावती और टंट्या मामा को मध्य प्रदेश की गौरवशाली विरासत का हिस्सा बताया.

प्रधानमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश अपने गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा लेते हुए उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ रहा है. ‘विकास भी, विरासत भी’ के मंत्र के साथ प्रदेश में धरोहरों के संरक्षण के साथ आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है.

उन्होंने भोपाल और इंदौर मेट्रो के नए कॉरिडोर, राजमार्गों के विस्तार और ग्रामीण इलाकों में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी सड़कों और पुलों का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि इससे गांव बाजार, स्कूल, अस्पताल और रोजगार के अवसरों से जुड़ रहे हैं.

प्रधानमंत्री ने केन-बेतवा रिवर लिंक परियोजना को बुंदेलखंड के लिए नई संभावनाएं लाने वाली परियोजना बताया. उन्होंने कहा कि 44 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की इस परियोजना से 10 जिलों में करीब 11 लाख हेक्टेयर जमीन को सिंचाई सुविधा मिलेगी और 45 लाख लोगों को स्वच्छ पेयजल मिलने वाला है.

पत्र में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना और सोयाबीन किसानों के लिए भावांतर भुगतान योजना का भी जिक्र किया गया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत मध्य प्रदेश के एक करोड़ से ज्यादा किसानों के खातों में 35 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि पहुंचाई गई है.

share & View comments