scorecardresearch
Monday, 2 November, 2026
होमदेशएफआरआरओ का विस्तार : केंद्र ने नगालैंड, त्रिपुरा और ओडिशा में तीन नए कार्यालय अधिसूचित किए

एफआरआरओ का विस्तार : केंद्र ने नगालैंड, त्रिपुरा और ओडिशा में तीन नए कार्यालय अधिसूचित किए

Text Size:

नयी दिल्ली, दो नवंबर (भाषा) केंद्र सरकार ने नगालैंड के कोहिमा, त्रिपुरा के अगरतला और ओडिशा के भुवनेश्वर में तीन नए ‘विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय’ (एफआरआरओ) खोले जाने की अधिसूचना जारी की है। केंद्र सरकार ने सोमवार को एक बयान में यह जानकारी दी।

इसके साथ ही देश में ऐसे कार्यालयों की कुल संख्या बढ़कर 20 हो जाएगी।

पर्यटन, चिकित्सा और शिक्षा के उद्देश्य से भारत आने वाले विदेशियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अधिकारियों को प्रत्येक राज्य की राजधानी में एक एफआरआरओ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था।

इसके बाद 2025 से जयपुर, चंडीगढ़, आइजोल (मिजोरम), अमरावती (आंध्र प्रदेश) और गुवाहाटी में पांच नए एफआरआरओ काम करना शुरू कर चुके हैं।

बयान में कहा गया, ‘‘हाल ही में कोहिमा (नगालैंड), अगरतला (त्रिपुरा) और भुवनेश्वर (ओडिशा) में तीन नए एफआरआरओ कार्यालय अधिसूचित किए गए हैं। इससे पहले कोहिमा और अगरतला, कोलकाता स्थित एफआरआरओ के अधिकार क्षेत्र में थे, जबकि भुवनेश्वर हैदराबाद स्थित एफआरआरओ के अधिकार क्षेत्र में था।’’

सरकार बिहार, गोवा, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर और मेघालय में भी एफआरआरओ नेटवर्क का और विस्तार करने पर विचार कर रही है।

बयान में कहा गया, ‘‘देश में एफआरआरओ कार्यालयों की कुल संख्या अब बढ़कर 20 हो गई है। ये अहमदाबाद, अमरावती, अमृतसर, आइजोल, अगरतला, बेंगलुरु, भुवनेश्वर, कालीकट, चेन्नई, कोच्चि, चंडीगढ़, दिल्ली, गुवाहाटी, हैदराबाद, कोलकाता, कोहिमा, कोझिकोड, लखनऊ, मुंबई और तिरुवनंतपुरम में स्थित हैं।’’

भाषा संतोष सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments