मलप्पुरम, तीन अप्रैल (भाषा) केरल के पेरिंथलमन्ना में एक सरकारी अस्पताल में महिला स्त्री रोग विशेषज्ञ पर हमला करने के आरोप में शुक्रवार को चार महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह हमला बृहस्पतिवार को पेरिंथलमन्ना जिला अस्पताल में किया गया। हमले में महिला डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गईं और फिलहाल एक अस्पताल में भर्ती हैं।
पुलिस ने बताया कि यह घटना अस्पताल में प्रसव के लिए आई एक महिला की मौत से जुड़ी है।
केरल सरकारी चिकित्सा अधिकारी संघ (केजीएमओए) ने एक बयान में कहा कि प्रसव के बाद अत्यधिक रक्तस्राव के कारण महिला की स्थिति बिगड़ गई थी।
संगठन के अनुसार, तय प्रोटोकॉल के तहत तुरंत उपचार कर महिला को बेहतर सुविधा वाले अस्पताल में रेफर किया गया था लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
केजीएमओए ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने प्रसव के दौरान होने वाली प्राकृतिक जटिलताओं को ‘चिकित्सीय लापरवाही’ के रूप में पेश किया और डॉक्टर के कक्ष में जबरन घुसकर उन पर हमला कर दिया।
केजीएमओए ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
संगठन ने यह भी कहा कि राज्य के 50 से अधिक सरकारी अस्पतालों में प्रसव सुविधाओं के लिए पर्याप्त कर्मचारियों की कमी है। केजीएमओए का दावा है कि सुविधाओं और मानव संसाधन सुनिश्चित करने की बार-बार मांग किए जाने के बावजूद इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं लिया गया है।
भाषा
प्रचेता अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.