scorecardresearch
Thursday, 22 October, 2026
होमदेशआंध्र प्रदेश के काकीनाडा में एसयूवी की चपेट में आने से चार श्रद्धालुओं की मौत

आंध्र प्रदेश के काकीनाडा में एसयूवी की चपेट में आने से चार श्रद्धालुओं की मौत

Text Size:

काकीनाडा (आंध्र प्रदेश), 22 अक्टूबर (भाषा) आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले में बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-16 पर सड़क किनारे चाय पी रहे श्रद्धालुओं को एक एसयूवी ने टक्कर मार दी, जिससे चार लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि विजयनगरम जिले के डेंकाडा गांव के श्रद्धालु कनक दुर्गा मंदिर के दर्शन के लिए विजयवाड़ा जा रहे थे और उन्होंने सुबह करीब 5:40 बजे कट्टिपुडी जंक्शन के पास रविकिम्पाडु सेंटर पर अपनी बस रोकी थी।

अधिकारी ने बताया कि श्रद्धालुओं ने भवानी माला पहन रखी थी। यह पवित्र माला देवी भवानी की आराधना के लिए धार्मिक संकल्प लेने वाले श्रद्धालु पहनते हैं। कनक दुर्गा मंदिर की तीर्थयात्रा के दौरान भी श्रद्धालु अक्सर यह माला पहनते हैं।

अधिकारी के अनुसार, श्रद्धालु बस से उतरकर चाय पी रहे थे, तभी विशाखापत्तनम की ओर से आ रही एक एसयूवी ने उन्हें टक्कर मार दी।

उन्होंने बताया कि तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।

उन्होंने बताया कि घायलों में एक पार्सल वैन चालक और एक यात्री बस का ‘क्लीनर’ शामिल हैं तथा दोनों को अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस के अनुसार, एसयूवी चालक ने भी भवानी माला पहन रखी थी और वह विजयवाड़ा की ओर जा रहा था।

भाषा

राखी सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments