scorecardresearch
Wednesday, 4 November, 2026
होमदेशदेहरादून में सड़क दुर्घटना में एक परिवार के तीन सदस्यों समेत चार की मौत

देहरादून में सड़क दुर्घटना में एक परिवार के तीन सदस्यों समेत चार की मौत

Text Size:

देहरादून, चार नवंबर (भाषा) देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में मोहब्बेवाला चौक पर बुधवार को एक कार के कंटेनर ट्रक से टकरा जाने से एक परिवार के तीन सदस्यों समेत चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना के वक्त कार में पांच लोग सवार थे, जो सहारनपुर से देहरादून आ रहे थे।

उसने बताया कि कार में सवार छह साल का एक बच्चा सुरक्षित बच गया।

पुलिस ने बताया कि टक्कर के बाद कार कंटेनर के नीचे फंस गई।

उसने बताया कि सूचना मिलने पर पटेलनगर थाने की पुलिस एवं अग्निशमन विभाग की टीमें बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचीं और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।

कार में सवार लोगों की पहचान मिश्रेष कपूर (38), उनकी पत्नी निशा आनंद कपूर (38), उनकी मां किरण कपूर (63), चालक नीरज और छह साल के बच्चे के रूप में हुई।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (सदर) अंकित कंडारी ने बताया कि बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर कार के ऊपर से कंटेनर हटाया और फिर ‘रूफ कटर’ की मदद से कार की छत काटकर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला।

उन्होंने कहा, ‘‘दुर्घटना में घायल लोगों को तत्काल कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां चार लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।’’

उन्होंने बताया कि पुलिस दल ने छह साल के एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

भाषा दीप्ति सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments