महराजगंज (उप्र), 31 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में नारायणी-गंडक नदी से मिले चार अज्ञात शवों को पोस्टमार्टम के बाद रविवार देर रात नेपाल प्रशासन को सौंप दिया गया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, निचलौल थाना इलाके में नदी से 27 अगस्त को मिले इन शवों में तीन शव महिलाओं के और एक शव पुरुष का था। पहचान न हो पाने के कारण उन्हें जिला अस्पताल के मुर्दाघर में रखा गया था। बाद में पहचान करने में आसानी के लिए पोस्टमार्टम के दौरान चारों लाशों से डीएनए नमूने लिए गए।
इस अभियान की अगुवाई करने वाले निचलौल के तहसीलदार अमित सिंह ने बताया कि लाशों को दो एम्बुलेंस में ले जाया गया और रविवार देर रात जिले ठूठीबारी सीमा के पास महेशपुर बॉर्डर पर नवलपरासी (नेपाल) प्रशासन को सौंप दिया गया।
अपर ज़िलाधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि नेपाल पुलिस को लाशें सौंपने से पहले सभी ज़रूरी कानूनी और प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी कर ली गई थीं।
अधिकारियों ने कहा कि प्रक्रिया के अनुसार डीएनए डेटा भी नेपाल प्रशासन के साथ साझा किया जाएगा, ताकि लापता लोगों की तलाश कर रहे परिवारों के सैंपल से उनका मिलान किया जा सके।
भाषा सं आनन्द मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.