नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को अगले सप्ताह नागपुर में विजयादशमी पर आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वार्षिक उत्सव में आमंत्रित किया गया है।
आरएसएस के अनुसार, धनखड़ को इस कार्यक्रम में अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। यह आयोजन संगठन के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में हर साल विजयादशमी पर किया जाता है।
इस वर्ष यह कार्यक्रम नागपुर के रेशिमबाग मैदान में 20 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा जो कि आरएसएस के शताब्दी वर्ष के समापन का भी प्रतीक होगा।
संघ ने बताया कि अखबार ‘दैनिक जागरण’ के प्रधान संपादक संजय गुप्ता इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत इस कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
आरएसएस ने कहा, “इस साल संघ के शताब्दी वर्ष के समापन पर होने वाले विजयादशमी समारोह में आमंत्रित अतिथि पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और इजरायल के महावाणिज्यदूत (मध्य-पश्चिम भारत) यानिव रेवाच होंगे।”
धनखड़ को कार्यक्रम में आमंत्रित किए जाने पर कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि धनखड़ को आरएसएस से निमंत्रण तो मिल गया है, लेकिन पिछले साल जुलाई में अचानक इस्तीफा देने के बाद से सरकार ने उन्हें अब तक वह आवास आवंटित नहीं किया है, जिसके वह हकदार हैं।
भाषा प्रचेता प्रशांत
प्रशांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.