जम्मू, 12 अक्टूबर (भाषा) नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता और पूर्व मंत्री सरदार हरबंस सिंह का रविवार देर रात एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 84 वर्ष के थे। उनके परिवार ने यह जानकारी दी।
पिछले साल दिसंबर में नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला के राजनीतिक सलाहकार नियुक्त किए गए सिंह के परिवार में पत्नी, दो बेटे और तीन बेटियां हैं।
सिंह के बड़े बेटे कुलवंत सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि उनके पिता कुछ समय से अस्वस्थ थे और जम्मू के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उन्होंने बताया कि सिंह ने रात करीब दो बजे अंतिम सांस ली।
उन्होंने कहा कि सिंह का अंतिम संस्कार शाम पांच बजे शास्त्री नगर श्मशान घाट पर किया जाएगा।
सिंह ने 1996 से 2002 तक फारूक अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली जम्मू-कश्मीर सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में सेवाएं दी थीं।
एनसी के प्रांतीय अध्यक्ष रतन लाल गुप्ता ने सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।
गुप्ता ने कहा, ‘‘समाज के लिए उनके अमूल्य योगदान और समर्पित सेवा को हमेशा याद रखा जाएगा।’’
उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
भाषा वैभव
वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.