scorecardresearch
Saturday, 7 November, 2026
होमदेशअयोध्या में बाबरी मामले के पूर्व वादी इकबाल अंसारी ने शोभायात्रा पर बरसाए फूल

अयोध्या में बाबरी मामले के पूर्व वादी इकबाल अंसारी ने शोभायात्रा पर बरसाए फूल

Text Size:

अयोध्या (उप्र), सात नवंबर (भाषा) राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद भूमि विवाद मामले के पूर्व वादी इकबाल अंसारी और उनकी बस्ती के लोगों ने शनिवार को अयोध्या के पंजीटोला इलाके से गुजर रही शोभायात्रा पर पुष्प वर्षा की।

अंसारी ने कहा कि वह सभी त्योहारों में हिस्सा लेते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने अपनी बस्ती के लोगों के साथ मिलकर दोपहर करीब 12 बजे शोभायात्रा पर पुष्प वर्षा की।’’

उन्होंने कहा कि अयोध्या में 30 लाख दीप जलाए जाएंगे और इस भव्य आयोजन को देखने के लिए दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से लोग यहां पहुंचेंगे।

अंसारी ने कहा, ‘‘दीपावली भगवान राम के वनवास से अयोध्या लौटने की खुशी में मनाई जाती है। यह त्योहार पूरी दुनिया में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है।’’

उन्होंने कहा कि अयोध्या महान विभूतियों के साथ-साथ देवी-देवताओं की भी पावन भूमि है।

अंसारी ने कहा, ‘‘त्योहारों में मिठाइयों की मिठास, फूलों की खुशबू और आपसी भाईचारा होना चाहिए।’’

इस बीच, प्रयागराज स्थित संगठन ‘राष्ट्रीय मुस्लिम संघ’ के 25 सदस्य भी अयोध्या में आयोजित दीपोत्सव के कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं।

प्रयागराज में शनिवार को संगठन के सदस्य कामरान जान कुरैशी ने कहा, ‘‘हमारे संगठन के 25 सदस्य प्रयागराज से रवाना होकर अयोध्या पहुंचेंगे। हमारे इस आयोजन में शामिल होने का उद्देश्य मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मिलकर काम करना है।’’

भाषा जफर खारी

खारी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments